बरेली। जिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को मरीजों की कतार लगी रही। करीब 18 सौ मरीज पहुंचने से हल्की नोकझोंक की स्थिति भी बनी। पर्चे के लिए कतार की झंझट से निजात के लिए चार सौ मरीजों और तीमारदारों ने आभा आईडी बनवाई।
सुबह दस बजे काउंटर पर आपाधापी की स्थिति रही। नोकझोंक भी हुई। सुरक्षा के लिए गार्ड भी तैनात रहे। ज्यादातर लोगों की आभा आईडी होने से उन्होंने डिजिटल पर्चे बनवाए। इसे देख मौजूद अन्य तीमारदार और मरीज भी आभा आईडी बनवाने पहुंचे।
काउंटर पर तैनात कर्मचारी के मुताबिक, 14 सौ नए पर्च बने, जबकि चार सौ मरीज पुराना पर्चा लेकर इलाज कराने पहुंचे थे। ज्यादातर मरीज सर्दी-जुकाम और जोड़ों के दर्द की चपेट में रहे।
एडी एसआईसी डॉ. अजय मोहन अग्रवाल के मुताबिक, जो लोग इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं, उन्हें आभा आईडी बनवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है ताकि कतार से राहत मिले। आईडी बनने से इलाज की हिस्ट्री दिखती है और बेहतर इलाज मिलता है। जांच रिपोर्ट ऑनलाइन होती है। ब्यूरो