खेकड़ा (बागपत)। नगर की चरमराई बिजली आपूर्ति को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। रेलवे रोड पर लोगों ने हंगामा प्रदर्शन कर विद्युत निगम के अधिकारियों को बंधक बनाने एवं चक्का जाम की चेतावनी दी।
सरकार के बीस घंटे आपूर्ति देने वाले दावे हवा-हवाई साबित हो रहे हैं। तहसील स्तरीय औद्योगिक नगरी खेकड़ा की बिजली आपूर्ति के हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं, जिससे लोगों में विद्युत निगम के खिलाफ आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। मंगलवार सुबह से शाम तक ठप पड़ी आपूर्ति के विरोध में रेलवे रोड पर आक्रोशित लोग एकत्र हो गए। उन्होंने विद्युत निगम के खिलाफ जमकर हंगामा प्रदर्शन करते हुए कहा कि शहरी दरों पर बिलों की वसूली कर ग्रामीण स्तर से भी बदतर आपूर्ति हो रही है। बिजली अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं। खेकड़ा नगर को आंख मिचौनी के बीच मात्र पांच से छह घंटे ही विद्युत आपूर्ति मिल पा रही है।
सोमवार रात्रि भी नगर अंधेरे में डूबा रहा। भयंकर गर्मी के चलते लोगों को रात जागकर ही बितानी पड़ी। साथ ही बिजली न आने से लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ा, जिससे लोगों में आक्रोश है। उपभोक्ताओं ने कहा कि अब और अधिक उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि अविलम्ब आपूर्ति में सुधार नही किया गया तो वे बिजली घर पर अनिश्चित कालीन धरना शुरू कर अधिकारियों को बंधक बनाएंगे और चक्का जाम करेंगे। इस दौरान अय्यूब, बिटटू, साजिद, आकिल, अनीस, मेहरबान, संजय गुप्ता, नरेश धामा, राजेश, टोनू, धर्मबीर धामा, शाहिद आदि मौजूद रहे।