खेकड़ा (बागपत)।
अमेरिका में रह रहे खेकड़ा निवासी समाजसेवी ने खेकड़ा के विद्यालयों में छात्र और छात्राओं को निशुल्क किताबों का वितरण कराया। साथ ही छात्र और छात्राओं को यूनिफार्म एवं वर्ष भर की स्कूल फीस भी दी।
खेकड़ा निवासी अनिल कुमार अंतल वर्षों से अमेरिका में कारोबार कर रहे हैं। उन्होंने खेकड़ा नगर स्थित जैन इंटर कॉलेज से ही शिक्षा प्राप्त की। वह हर वर्ष खेकड़ा के सभी विद्यालयों के गरीब बच्चों के लिए अपनी तरफ से निशुल्क किताबें, यूनिफार्म एवं पूरे वर्ष की फीस भेजते हैं। मंगलवार को जैन इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य विनय कुमार जैन ने अनिल कुमार अंतल की तरफ से नगर स्थित गांधी विद्यालय में पहुंच कक्षा बारह के नौ छात्र- छात्राओं को पूर्ण कोर्स की किताबें, पंद्रह छात्र- छात्राओं को स्कूल यूनिफार्म एवं वर्ष भर की स्कूल फीस वितरित की। इस दौरान प्रधानाचार्य उमेश कुमार चौहान, सतेंद्र कुमार, जितेंद्र कुमार, श्रीमति दीपिका, जयबीर सिंह, राजकुमार, पन्ना लाल भारती, कंवर पाल सिंह, अनुज कुमार आदि रहे।