उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य पूरा
यूपी बोर्ड की 18 दिन में जांची गई 2,59,489 कॉपियां
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। यूपी बोर्ड की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य मंगलवार को पूरा लिया गया। दोनों मूल्यांकन केंद्रों पर 18 दिन के भीतर 2,59,489 कापियां जांची गईं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा शहर स्थित ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज व राजकीय बालिका इंटर कॉलेज को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया था। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज को 1,03,751 व ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज को 1,55,738 कॉपियों का आवंटन किया गया था। शुरूआती दौर में परीक्षकों के अनुपस्थिति रहने के चलते मूल्यांकन कार्य धीमी गति से चला, लेकिन डीआईओएस राजेश कुमार वर्मा की सख्ती के बाद मूल्यांकन कार्य तेज गति से शुरू कर दिया गया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मूल्यांकन केंद्र पर 29 मार्च को ही मूल्यांकन कार्य पूरा कर लिया गया। जबकि ड्रमंड कॉलेज में चल रहा मूल्यांकन कार्य निर्धारित अवधि के भीतर पूरा नहीं हो सका था। इधर मंगलवार को ड्रमंड कॉलेज में भी मूल्यांकन कार्य पूरा लिया गया। उप नियंत्रक डीसी गंगवार ने बताया कि भूगोल की कापियां जांचने को रह गई थी। परीक्षकों की कमी के चलते मामूली देरी हुई है। मूल्यांकन कार्य पूरा होने की जानकारी डीआईओएस को दी जा चुकी है। डीआईओएस राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि मूल्यांकन कार्य पूरा हो चुका है। अब दूसरे मंडलों से आई उत्तरपुस्तिकाओं को उन्हीं मंडलों में भेजा जाएगा। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।