पत्रकारों से वार्ता करते पूर्व कैबिनेट मंत्री, पूर्व राज्यमंत्री व सपा जिलाध्यक्ष।
- फोटो : अमर उजाला
पीलीभीत। समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री हाजी रियाज अहमद ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर असफल रही है। आजादी के बाद देश की संस्कृति को सबसे अधिक नुकसान भाजपा सरकार ने अपने साढ़े तीन साल में पहुंचाया। उन्होंने मोदी सरकार की तुलना में इससे पहले रही गैर भाजपा सरकारों को बेहतर बताया।
सपा अल्पसंख्यक सभा का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद रविवार को दोपहर में लॉ कॉलेज में आयोजित प्रेसवार्ता में हाजी रियाज अहमद ने केंद्र और राज्य सरकार निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की ओर से किए गए वादों पर जनता का ध्यान न जा सके, इसलिए धर्म की आड़ लेकर ध्रुवीकरण किया जा रहा है। साल में दो करोड़ युवाओं को रोजगार का वादा करने वाले अब पकौड़ा बेचने की राय दे रहे हैं। सुरक्षा को लेकर कहा कि बार्डर पर हुए हमलों में यूपीए सरकार की अपेक्षा तीन गुना जवान शहीद हुए हैं। कश्मीर में पकड़े गए लश्कर कमांडर को आतंकियों द्वारा छुड़ा ले जाना सरकार की सबसे बड़ी विफलता है। उन्होंने कहा कि गंगा-जमुनी तहजीब को तोड़ने का काम भाजपा के बड़े-बड़े नेता कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आगामी 2019 के चुनाव के लिए संगठन को मजबूत किया जा रहा है। गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारा को बचाने का काम करेंगे। अयोध्या प्रकरण को लेकर उन्होंने कहा कि मंदिर-मस्जिद निर्माण का मुद्दा करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा है। इसलिए आपसी सौहार्द से सुलह होनी चाहिए। इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री हेमराज वर्मा भी मौजूद रहे।