पूरनपुर। भाकियू ने जंगल के बाहर बाघ के हमलों और बकाया गन्ना मूल्य भुगतान न होने पर रोष व्यक्त करते हुए डीएम को संबोधित 14 सूत्री ज्ञापन नायब तहसीलदार अनुराग सिंह को सोमवार को तहसील परिसर में सौंपा। पंचायत मेें भाकियू ने बाघ के हमला की घटनाएं न रुकने, गन्ना मूल्य का भुगतान शीघ्र न होने पर आंदोलन का निर्णय लिया। तहसील परिसर में हुई पंचायत में कहा गया कि गन्ना किसानों का करोड़ों रुपये चीनी मिलों पर बाकी है। जिसका भुगतान न होने से किसान आर्थिक रूप से परेशान है। पंचायत में शीघ्र ही गन्ना मूल्य भुगतान कराने, चीनी मिल मरम्मत के नाम हुई गड़बड़ी की जांच कर कार्रवाई कराने के साथ ही समस्याओं का समाधान न होने पर उग्र आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। ज्ञापन में बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कराने, बिजली की बढ़ी दरों को कम कराने, गन्ना क्रय केंद्रों पर घटतौली पर रोक लगवाने आदि की मांग की गई। पंचायत की अध्यक्षता मंजीत सिंह ने और संचालन रामकुमार पांडेय ने किया। पंचायत में सुल्तान खां, मनवीर सिंह, स्वराज सिंह, वीरचंद शर्मा, रामकुमार प्रजापति, जयदेव, रामदेव, बलजीत सिंह, अमरीक सिंह, राजेंद्र सिंह आदि थे।
बाघ के हमलों की घटना के विरोध में किया प्रदर्शन
पूरनपुर। सपा कार्यकर्ताओं ने जंगल के बाहर लगातार हो रहे बाघ के हमलों की घटना के विरोध में तहसील कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान मृतकों को दस-दस लाख रूपये आर्थिक सहायता देने की मांग की । प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 24 अक्तूबर 2016 से बाघों के हमला का सिलसिला चल रहा है। अब तक दो दर्जन से अधिक लोग अपनी जान गवां चुके है। जंगल से बाहर बाघ न आए। इसका इंतजाम वन विभाग अब तक नहीं कर सका है। इसे सपा बर्दाश्त नहीं करेगी। शीघ्र ही बाघ के हमले न रूकने पर उग्र प्रदर्शन होगा। प्रदर्शन करने वालों में तौफीक अहमद कादरी, अब्दुल शहनीद खां, नादिर रजा बरकाती, अहीद खां, ओमकार गुप्ता, नकी अहमद, रोहित, जाबिर, ऋषभ सिंह आदि मौजूद रहे।