बीईओ के आदेश पर बिफरे शिक्षक, हंगामा
शिक्षकों और कार्यालय के प्रधान लिपिक के बीच नोकझोंक
अमर उजाला ब्यूरो
बीसलपुर। नगर खंड शिक्षाधिकारी द्वारा जारी किए गए आदेश रिसीव करने को लेकर बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। शिक्षकों और खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय के प्रधान लिपिक के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
खंड शिक्षाधिकारी लक्ष्मी नारायण गंगवार ने 30 दिसंबर को कन्या हबीबुल्ला खां जूनियर हाईस्कूल के सहायक शिक्षक तौसीफ हसन को गांधी प्राइमरी स्कूल, म्यूनिसपल बोर्ड जूनियर हाई स्कूल के सहायक शिक्षक यामीन को दुबे प्राथमिक विद्यालय और बख्तावरलाल कन्या जूनियर हाईस्कूल के सहायक शिक्षक संदीप सुमन को परिषदीय आदर्श पूर्व माध्यमिक विद्यालय से अस्थाई रूप से नियुक्त किया था। उक्त विद्यालयों में लंबे समय से कोई शिक्षक न होने को इसका कारण बताया गया। बुधवार सुबह नगर खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय के प्रधान लिपिक राजकुमार शर्मा ने उक्त तीनों शिक्षकों को बुलाकर आदेश रिसीव करने को कहा तो हंगामा शुरू हो गया। शिक्षकों ने आदेश रिसीव करने से मना कर दिया। इस मुद्दे को लेकर प्रधान लिपिक और शिक्षकों में तीखी नोकझोंक हुई। काफी हंगामे के बाद शिक्षक बिना आदेश रिसीव किए चलते बने। प्रधान लिपिक ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी बीएसए को दी गई है। अग्रिम कार्रवाई बीएसए के स्तर से की जाएगी।