पीलीभीत। अमरिया के प्रभारी खंड विकास अधिकारी ने डीएम, एसडीएम को जानकारी दिए बिना ही निर्धारित तिथि से पहले कोटेदारों का चयन कर दिया। इसकी जानकारी होने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की, साथ ही प्रभारी बीडीओ को निलंबित करने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी को दिए हैं।
डीएम शीतल वर्मा ने राशन कोटे की दुकानों के चयन के लिए माह में एक दिन निर्धारित कर रहा है। इस दिन प्रस्तावित गांव में अधिकारियों की टीम भेजकर ग्रामीणों की मौजूदगी में कोटे का प्रस्ताव कराया जाता है, जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जाती है लेकिन अमरिया ब्लॉक के प्रभारी बीडीओ पीके सिंह ने इन नियमों को धता बताकर डीएम से निर्धारित की गई चार अक्तूबर की तिथि से एक दिन पहले तीन अक्तूबर को आठ गांवों में कोटे के प्रस्ताव कर दिए। खास बात है कि इसके लिए खुली बैठक करने की जरूरत भी महसूस नहीं की गई। इसकी जानकारी होने पर डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी से जांच कराई और शिकायत सही मिलने पर बीडीओ को निलंबित करने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी को दिए हैं। डीएम शीतल वर्मा ने बताया कि गलत तरीके से आठ गांवों में कोटे के प्रस्ताव कर दिए गए। बीडीओ को निलंबित करने के साथ ही विकास विभाग से संबद्ध किया जाएगा। बता दें कि पीके सिंह एडीओ से प्रमोट होकर संयुक्त बीडीओ हैं और अमरिया ब्लॉक के बीडीओ का उन पर चार्ज है।