पीलीभीत। एमजेपी रूहेलखंड विश्वविद्यालय की स्नातक और परास्नातक की मुख्य परीक्षा 25 फरवरी से शुरू होने जा रही है। यह परीक्षा जिले के 23 केंद्रों पर होगी। जिसमें स्नातक और परास्नातक के 24571 परीक्षार्थी भाग लेंगे।
जिले में 30 से अधिक राजकीय, सहायता प्राप्त और वित्तविहीन महाविद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय परीक्षा को लेकर रूहेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा जिले में 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें उपाधि महाविद्यालय, रामलुभाई साहनी महिला महाविद्यालय, डिवाइन कॉलेज, डीपीपी महाविद्यालय धनकुना, जगदेवी मूलचंद इंस्टीट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज देवीपुरा, गन्ना कृषक महाविद्यालय पूरनपुर, राजकीय महाविद्यालय बीसलपुर, राजकीय महाविद्यालय हेमपुर, शफी डिग्री कॉलेज बीसलपुर, आदेश कॉलेज ऑफ एजुकेशन बीसलपुर, स्वामी एजुकेशनल कांप्लेक्स पूरनपुर, लक्ष्य एकेडमी ऑफ हायर स्टडीज पूरनपुर, खुसरो मेमोरियल डिग्री कॉलेज जहानाबाद, चौधरी निहाल सिंह महाविद्यालय ऐमी, सांई कॉलेज रम्पुरा मिश्र, शाहजी डिग्री कॉलेज अमरिया, एमजेके डिग्री कॉलेज वीरखेड़ा, दि ग्रेट रामस्वरूप प्रकाश कुमारी मेमोरियल डिग्री कॉलेज पीलीभीत, बालादेवी रोशन लाल कॉलेज ऑफ हायर एजुकेशन बीसलपुर, कृष्णा नरेश महाविद्यालय गौहनिया बिलसंडा, हरप्रसाद रामप्यारी महाविद्यालय बरखेड़ा, श्री सांई गर्ल्स डिग्री कॉलेज पूरनपुर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। उपाधि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सत्येंद्र नारायण ने बताया कि विश्वविद्यालय परीक्षा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सीसीटीवी कैमरे पूर्व में ही लगाए जा चुके हैं।
50 फीसदी कक्ष निरीक्षक होंगे बाहरी
विश्वविद्यालय परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने को परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और वॉयस रिकॉर्डर लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 50 प्रतिशत कक्ष निरीक्षक बाहरी होंगे।
कुल 24571 परीक्षार्थी लेंगे हिस्सा
विश्वविद्यालय परीक्षा में इस बार 24571 स्नातक और परास्तानक परीक्षार्थी भाग लेंगे। इसमें 11768 छात्र और 12803 छात्राएं शामिल हैं।