पीलीभीत। शासन की सख्ती और अफसरों के सख्त दावे सचिव और प्रधानों की मनमानी के आगे खोखले साबित हो रहे है। पिछले दिनों एक ही नाम के दो व्यक्ति होने पर अपात्र को लाभ देने के मामले में सचिव पर की गई कार्रवाई के बाद अब इसी तरह का एक ओर नया मामला सामने आया है। जिसकी शिकायत शपथपत्र समेत अन्य साक्ष्यों के साथ डीएम कार्यालय में की गई है। मामला मरौरी ब्लॉक का है। भागीरथ पुत्र ख्याली राम का नाम वर्ष 2017-18 की प्रधानमंत्री आवास के पात्र लाभार्थियों की लिस्ट में क्रम संख्या 28 पर अंकित है। आरोप है कि सुविधा शुल्क नहीं देने पर साठगांठ कर सचिव ने उसके नाम के ही दूसरे व्यक्ति भागीरथ पुत्र भगवानदास को प्रधानमंत्री आवास का लाभ दिला दिया। मामले की शिकायत तहसील दिवस में करने के बाद इसकी जांच एडीओ पंचायत से कराई तो पीड़ित भागरीथ को ही अपात्र दर्शाकर खानापूर्ति करते हुए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट सौंप दी गई। भागीरथ के मुताबिक प्रधानमंत्री आवास की डाटा आईडी क्रमांक में उसकी पत्नी, बच्चों का नाम होने के साथ ही राशन कार्ड का नंबर आदि दस्तावेज का उल्लेख है। डीएम से मामले की जांच जिला स्तरीय अधिकारी से कराने की मांग की गई है। इधर, पीडी डीआरडीए अनिल कुमार का कहना है कि पूर्व में इसी तरह का मामला सामने आने पर सचिव पर कार्रवाई की गई है। इस मामले की भी जानकारी कर जांच कराई जाएगी।