रोजाना मवेशी बन रहे निवाला
माधोटांडा (पीलीभीत)। सीमावर्ती क्षेत्र में आतंक का पर्याय बने तेंदुए की दहशत कम होने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार रात जंगल से बाहर निकला तेंदुआ नगरिया खुर्द कला गांव की सीमा क्षेत्र में पहुंच गया। यहां गांव निवासी अदी दास के घर में दस्तक देकर पशुशाला में बंधे बछड़े पर हमलाकर घायल कर दिया। अन्य मवेशियों के शोर की आवाज पर जागे परिवारीजनों ने शोर शराबा करने पर तेंदुआ जंगल की ओर निकल गया। सूचना के बाद क्षेत्रीय वनकर्मियों ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई।
बराही रेंज के सीमावर्ती इलाकों में तेंदुए की सक्रियता कम होने का नाम नहीं ले रही है। कहीं जंगल सीमा से सटे इलाके में तो कही आबादी में दस्तक देकर मवेशियों को निवाला बनाने का सिलसिला जारी है। मंगलवार रात जंगल से बाहर निकला तेंदुआ नगरिया खुर्द कला गांव की आबादी में पहुंच गया। यहां तेंदुए ने गांव निवासी अदी दास के घर में घुसकर पशुशाला में बंधे बछड़े पर हमला कर दिया। तेंदुआ बछड़े को जबड़े में दबाकर बाहर की ओर ले जाता, इससे पहले ही पशुशाला में बंधे अन्य पशुओं के शोर की आवाज पर परिवारीजन जाग गए। सभी के शोर शराबा करने पर तेंदुआ गंभीर घायल बछड़े को छोड़ जंगल की ओर निकल गया। सूचना के बाद बुधवार सुबह नौजल्हा वन चौकी के वनकर्मियों ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। डिप्टी रेंजर गिरीश कुमार ने बताया कि तेंदुए की सक्रियता को देखते हुए ग्रामीणों को सतर्क किया गया है। मामले की जानकारी अधिकारियों को भी दी जा रही है।