त्योहार पर न लगे जाम, अफसर करने लगे इंतजाम
धनतेरस-दिवाली पर्व पर भीड़ को देखते हुए चिन्ह्ति किए जा रहे प्वाइंट
सीओ ट्रैफिक ने टीएसआई को जल्द खाका तैयार करने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। जाम की समस्या से जूझ रहे शहरवासियों को कम से कम धनतेरस, दीवाली पर्व पर निजात मिल सके, इसके लिए पुलिस अधिकारियों की ओर से बंदोबस्त की लकीर खींचने की शुरूआत कर दी गई है। सीओ ट्रैफिक ने टीएसआई को बैरियर प्वाइंट का चिन्हीकरण करने और आवश्यक पुलिस बल की संख्या का खाका तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
दीवाली पर्व नजदीक आते ही बाजार में जहां सड़कों पर दुकानें सजने लगी हैं। वहीं चहलकदमी भी पहले की अपेक्षा काफी बढ़ गई है। धनतेरस पर्व पर बाजार में काफी भीड़ रहेगी। ऐसे में किसी तरह से ट्रैफिक व्यवस्था ठप न पड़ जाए। अभी से तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए पुराने रिकार्ड भी खंगाले जा रहे हैं। शहर में भीड़ के बीच वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए अभी तक नौ प्वाइंटों पर वाहनों की नो एंट्री रखने की बात निकलकर सामने आ चुकी है। बकाया प्वाइंट भी चिन्ह्ति करने के लिए टीएसआई आलोक मिश्र को जिम्मेदारी दी गई है। ट्रैफिक पुलिस में स्टाफ की कमी को देखते हुए लाइन और थानों से फोर्स लगाया जाएगा। इस दौरान कितने पुलिसकर्मियों की आवश्यकता पड़ेगी। इसका भी आंकलन किया जा रहा है। सीओ ट्रैफिक धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए योजना बनाई जा रही है। किसी तरह की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।