02 पीबीटीपी 27
छह करोड़ से सुधारी जाएगी परिषदीय स्कूलों की दशा
गत सत्र की छात्र संख्या के आधार पर मिलेगा बजट
क्रासर...
अभी तक मिलते थे मात्र 6000, अब मिलेंगे 12500 रुपये
जिले भर में हैं 1800 परिषदीय स्कूल
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। जिले के परिषदीय विद्यालयों की अब जल्द ही तस्वीर बदलने वाली है। प्रदेश की योगी सरकार ने जिले के 1800 परिषदीय विद्यालयों के लिए छह करोड़ रुपये से अधिक की कंपोजिट स्कूल ग्रांट जारी की है। इस ग्रांट को छात्र संख्या के आधार पर बजट की श्रेणी में बांटकर जिले भर के परिषदीय स्कूलों की दशा सुधारने का काम किया जाएगा।
बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा जिले में 1230 प्राथमिक व 570 उच्च प्राथमिक विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। इन विद्यालयों में अभी तक प्रति वर्ष रंगाई पुताई व अन्य खर्च के लिए नाममात्र का ही बजट दिया जाता था। महंगाई के इस दौर में दिया यह बजट नाकाफी साबित हो रहा है। ऐसे में इन स्कूलों की दशा और भी जीर्णशीर्ण होती जा रही है। इधर अब स्कूलों में छोटी-छोटी सुविधाओं के लिए प्रबंध समितियों व हेडमास्टरों को बजट का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अब स्कूलों को मिलने वाली कंपोजिट स्कूल ग्रांट में बड़े बदलाव किए गए हैं। बेसिक शिक्षा महकमे के मुताबिक अभी तक एक स्कूल को प्रति वर्ष रंगाई पुताई व अन्य खर्च के लिए करीब छह हजार रुपये का बजट दिया जाता था, लेकिन अब इसमें बदलाव करते हुए गत सत्र की छात्र संख्या के आधार पर इसे पांच श्रेणी में विभाजित किया गया है। इसको लेकर राज्य परियोजना निदेशक डॉ. वेदपति मिश्र ने बीएसए को पत्र जारी किया है। महकमे के मुताबिक जिले के 1800 परिषदीय स्कूलों को छह करोड़ रुपये से अधिक का बजट जारी किया गया है। इस बजट में सबसे कम छात्र संख्या एक से 15 तक रखी गई है। इस छात्र संख्या के लिए 12500 रुपये, 16 से 100 छात्र संख्या तक 25 हजार, 101 से 250 संख्या तक 50 हजार, 251 से 1000 संख्या तक 75 हजार व एक हजार छात्र संख्या से अधिक पर एक लाख रुपये तक बजट जारी किया गया है। खास बात यह है कि प्रत्येक स्कूल को बजट की दस प्रतिशत धनराशि स्वच्छता पर खर्च करनी होगी।
00
इस धनराशि से ये होंगे कार्य
स्वच्छता, अनुरक्षण, रंगाई पुताई, पेंटिंग, फर्स्ट एड बाक्स, अग्निशमन यंत्र, स्टेशनरी, रेडियो प्रोग्राम, विद्युत उपकरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बागवानी किट, शिक्षण सहायक सामग्री आदि कार्य पूरे किए जाएंगे।
00
छात्र संख्या/स्कूलों की संख्या/प्रति स्कूल इतना मिलेगा बजट
1-15 बच्चे/31/12,500 रुपये
16-100बच्चे/ 950/25,000 रुपये
101-250बच्चे/790/50,000 रुपये
251-1000बच्चे/29/75,000 रुपये
1000 से अधिक बच्चे/00/1,00000 रुपये
वर्जन:
शासन द्वारा इस बार स्कूल ग्रांट में बड़ा बदलाव किया गया है। छात्र संख्या के आधार पर बजट का श्रेणीकरण कर किया गया है। जल्द ही बजट विद्यालय प्रबंध समितियों के खातों में भेजा जाएगा। इससे स्कूलों की दशा में बड़ा सुधार तो होगा ही साथ ही शिक्षक भी छात्र संख्या बढ़ाने की ओर प्रेरित होंगे।
डॉ. इंद्रजीत प्रजापति, बीएसए