सरकारी अस्पताल में मरीजों की तादाद बढ़ी
हेपेटाइटिस, वायरल फीवर का बढ़ा खतरा
शहर में गंदे पानी का जमाव भी भूगर्भ जल को कर रहा दूषित
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। बारिश के साथ ही मौसमी बीमारियां भी तेजी से पैर पसारने लगी हैं। दूषित पानी पीने से लोग बीमार हो रहे हैं। सरकारी अस्पतालों में इससे जुड़े मरीजों की संख्या में रोजाना इजाफा हो रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक जरा ही लापरवाही हेपेटाइटिस व वायरल फीवर जैसी बीमारियों का शिकार बना सकती हैं।
00
ऐसे फैलती हैं बीमारियां
डाक्टरों के मुताबिक बरसात के दौरान बरसाती पानी खतरनाक गैसों के संपर्क में आने से पेयजल को हानिकारक बनाता हैं। इससे खतरनाक बैक्टीरिया अधिक सक्रिय होकर 40-50 फीट गहराई तक के पानी को दूषित कर देते हैं। दूषित पानी के इस्तेमाल से पेट संबंधी तमाम बीमारियां पनपने लगती हैं।
00
गंदे पानी का जमाव भूगर्भ जल को कर रहा दूषित
शहर में कूड़ा डालने को बने अस्थाई डलावघर तो जी का जंजाल बने ही हुए है, शहर में खाली पड़े प्लाटों में वर्षों से जमा गंदा पानी भी लोगों को बीमार बना रहा है। उपाधि महाविद्यालय के प्रवक्ता डॉ. मनोज मिश्रा के मुताबिक जगह-जगह जमा गंदा पानी भूगर्भ जल को दूषित कर रहा है। इससे मच्छर आदि भी तेजी से पनपते हैं।
00
सरकारी अस्पताल में बढ़ी मरीजों की तादाद
बरसाती मौसम में सरकारी अस्पतालों में मरीजों का तादाद बढ़ती जा रही है। अकेले जिला अस्पताल की बात करें तो यहां इन दिनों एक हजार से अधिक मरीज ओपीडी में पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों के मुताबिक इन मरीजों में करीब 40 प्रतिशत मरीज पेट संबंधी बीमारियों से ग्रस्त आ रहे हैं। इनमें अधिकांश मरीज दूषित पानी पीने की वजह से ही बीमार हुए हैं।
000
यह हो सकती है बीमारियां
- हेपाटाइटिस
- वायरल फीवर
- बैसिलरी डिसेंटरी
- दिमागी बुखार
- एक्जिमा
- अस्थमा
- टॉनसिलाइटिस
00
वर्जन:
दूषित पानी से करें परहेज
बरसाती सीजन में बीमारियां फैलने का सबसे बड़ा कारण दूषित पानी का सेवन है। पेट संबंधी रोगियों की जसंख्या भी इसी वजह से बढ़ रही है। दूषित पानी से परहेज करें। विशेष परिस्थितियों में पानी का उबाल कर ही पिएं। - डा. सीबी चौरसिया, वरिष्ठ फिजीशियन, जिला अस्पताल