पूरनपुर। दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी ने दुकान में रखे 1.60 लाख रुपये और गोदाम से इलेक्ट्रानिक का सामान चोरी कर लिया। पूछताछ करने पर आरोपी ने दुकान मालिक को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने एसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव बसंतपुर नौनेर निवासी अमृत पाल सिंह ने बताया कि तिरंगा चौराहा के समीप उसकी इलेक्ट्रानिक के सामान की दुकान है। गांव तुलसीपुर निवासी जसवंत सिंह नौकरी करता था। दुकान की चाबी अक्सर उसके पास ही रहती थी। आरोप है कि जसवंत ने 17 अप्रैल को दुकान पर ताले डाल दिए। दो मई को पुलिस से शिकायत किए जाने पर जसवंत दुकान पर आया और ताले खोल दिए। बाद में पता चला कि दुकान से 1.60 लाख रुपये नकद और गोदाम से सामान नदारद है।
सामान के बारे में पूछने पर जसवंत ने गालियां दी और पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। कोतवाल राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि एसपी के आदेश पर अमृतपाल सिंह की ओर से जसवंत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।