बीसलपुर (पीलीभीत)। चलती बस से उतरने की कोशिश में नेपाल के वृद्ध की गिरकर मौत हो गई। हादसा मंगलवार रात करीब 11 बजे बरेली रोड के भड़रिया मोड़ पर हुआ।
नेपाल के जिला धनगढ़ी के थाना पच्चीसघर क्षेत्र के गांव फुलवारी निवासी विकास सिंह ने बताया कि उनके दादा 58 वर्षीय गुलाब सिंह बंगलुरू की एक प्राइवेट कंपनी में वाचमैन के पद पर काम करते थे। गुलाब सिंह मंगलवार को घर जाने के लिए बंगलुरू से दिल्ली आए और दिल्ली से गौरीफंटा जाने वाली रोडवेज बस में सवार हुए। उनके साथ विकास भी था। बरेली और बीसलपुर के बीच रात लगभग 11 बजे भड़रिया मोड़ के पास गुलाब सिंह ने लघुशंका करने के लिए बस रुकवाई। बस पूरी तरह रुक पाती उससे पहले ही वह उतरने लगे, इससे वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. ठाकुरदास की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने बुधवार सुबह शव सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, हादसे की खबर मिलने पर सुबह मृतक के घरवाले भी पहुंच गए। मृतक की पत्नी उज्जवली देवी, पुत्र धनबहादुर, भरत, सुरेश, मनोज, राम, शेर बहादुर, पुत्रवधू निशा और पौत्र विकास सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है।