जहानाबाद /पीलीभीत। बरेली हाईवे पर ललौरीखेड़ा गांव के पास वाहन की टक्कर से 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। परिजन से तहरीर न मिलने के कारण अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
इज्जतनगर बरेली के ग्राम कलारी निवासी 65 वर्षीय टीकाराम बीते कुछ समय से मानसिक तौर पर बीमार चल रहे थे। सात जुलाई की शाम वह बेटी लीलावती के घर क्योलड़िया बरेली के ग्राम नगला जाने के लिए निकले थे। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं लग सका। सोमवार सुबह वह घायल हालत में बरेली हाईवे पर ललौरीखेड़ा के पास मिले। सूचना मिलने पर पहुंची जहानाबाद पुलिस ने उनको अस्पताल पहुंचाया, वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव की शिनाख्त के प्रयास किए। मंगलवार को बेटी लीलावती ने पहुंचकर शव की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इंस्पेक्टर कमल सिंह ने बताया कि ललौरीखेड़ा के पास वृद्ध कैसे पहुंचे, इसकी जानकारी कोई नहीं दे पा रहा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
सोशल साइट्स पर फोटो देख शव की हुई पहचान
पीलीभीत। टनकपुर हाईवे पर सिविल लाइन चौकी के पास सोमवार सुबह अज्ञात युवक का शव मिला था। कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। शिनाख्त के लिए फोटो सोशल साइट्स पर वायरल किए गए थे। पुलिस के ये प्रयास कामयाब भी हुए। कोतवाल अजब सिंह ने बताया कि शव बहेड़ी बरेली के गांव भौनी निवासी 34 वर्षीय हरदेव सिंह पुत्र अमरीश का निकला है। पिता ने आकर पहचान की है। उन्होंने बताया कि मृतक प्राइवेट बस का परिचालक है। तीन दिन पूर्व वह घर से निकला था। कार्रवाई पूरी कर शव परिजन के सुपुर्द कर दिया है। कोई तहरीर नहीं मिली है।
बरखेड़ा के युवक की प्रयागराज में मौत
बरखेड़ा। थाना क्षेत्र के ग्राम गाजीपुर कुंडा निवासी 40 वर्षीय राजू उर्फ राजाराम पुत्र नत्थूलाल डीसीएम चलाते थे। सात जुलाई को डीसीएम अनियंत्रित होकर प्रयागराज में पेड़ से टकरा गई। इसमें राजू की मौत हो गई थी। मंगलवार को प्रयागराज से पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। पत्नी रामवती उर्फ तारावती का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के दो बेटे और दो बेटी हैं। इसमें एक बेटी की शादी हो चुकी है। गमगीन माहौल में परिजन ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
दो लोगों की मौत के मामले में अज्ञात चालक पर रिपोर्ट
न्यूरिया। बनकटी रोड पर मेवातपुर गांव के पास सोमवार रात वाहन की टक्कर से बाइक सवार शिवपुरिया गांव निवासी ओमपाल और विकास की मौत हो गई थी। वह जहानाबाद के पैगा गांव से लौट रहे थे। मंगलवार को न्यूरिया पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया और कानूनी कार्रवाई की। इंस्पेक्टर बिरजाराम ने बताया कि मृतक ओमपाल के पिता तेजराम की तहरीर पर वाहन के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।