गजरौला/पीलीभीत। गजरौला क्षेत्र के अंतर्गत विनौर फार्म की सीमा में बाघ की कई दिनों से चहलकदमी देखे जाने से किसानों में दहशत है। दो दिन पूर्व जंगल से बाहर निकला बाघ फार्म हाउस के निकट स्थित एक घर के दरवाजे तक पहुंच गया। सुबह पगचिह्न देख खौफजदा किसान ने टाइगर रिजर्व केे अफसरों को सूचना दी। अफसरों के निर्देश पर वनकर्मियों ने घर के खुले दरवाजे को जाल लगाकर बंद कर दिया है। वहीं बाघ की बढ़ती सक्रियता देखकर चार कैमरे भी लगा दिए हैं। टाइगर रिजर्व से बाहर बाघ समेत अन्य वन्यजीवों के निकलने का सिलसिला जारी है। अमरिया और गजरौला क्षेत्र के अंतर्गत खेतों की ओर इनकी मौजूदगी लगातार बनी रहती है। इसको लेकर विभागीय अफसर भी चिंतित है। विभाग में मौजूद सीमित संसाधनों का प्रयोग कर उनकी निगरानी की जा रही है। वहीं माला रेंज के अंतर्गत पांच किमी दायरे में तारफेंसिंग भी कराई गई है, लेकिन इसके बावजूद सक्रियता कम नहीं हो पा रही है। इधर गजरौला क्षेत्र के विनौर फार्म के निकट पिछले तीन दिनों से बाघ की चहलकदमी जारी है। यहां किसान वीरेंद्र जीत सिंह के घर के मैन दरवाजा खुला हुआ है। दो दिन पूर्व जंगल से बाहर निकलकर आया बाघ किसान के दरवाजे के निकट होकर वापस लौट गया। सुबह पगचिह्न मिलने से दहशत फैल गई। किसान ने इसकी सूचना क्षेत्रीय वनकर्मियों के साथ डिप्टी डायरेक्टर को भी दी। रविवार को वनकर्मियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर पगचिह्न ट्रेस किए।
विनौर फार्म के निकट बाघ की चहलकदमी देखी गई है। सीमा से सटा इलाका होने के चलते चहलकदमी होती रहती है। बाघ की सक्रियता को देखते हुए जाल लगाने के साथ चार कैमरे भी लगवा दिए गए है। - आदर्श कुमार, डिप्टी डायरेक्टर, पीलीभीत टाइगर रिजर्व