पूरनपुर। ग्राम पंचायत के उप चुनाव में नामांकन वापसी के बाद ग्राम पंचायत करेलिया के राजेंद्र प्रसाद निर्विरोध प्रधान बन गए। बीडीसी के दो रिक्त स्थानों पर एकल नामांकन पर ब्लॉक प्रमुख के पति सहित दोनों बीडीसी सदस्य भी निर्विरोध चुन लिए गए हैं। ग्राम पंचायत के नौ स्थान रिक्त होने पर कोई नामांकन दाखिल न होने पर सभी पद रिक्त रह गए।
ग्राम पंचायत करेलिया के प्रधान अजयपाल की चार जनवरी को एक हादसे में मौत हो गई थी। तब से प्रधान का पद रिक्त था। इसके अलावा ग्राम पंचायत जगतपुर और मटैया लालपुर मेें बीडीसी का एक-एक और ब्लॉक क्षेत्र में आठ ग्राम पंचायतों में नौ ग्राम पंचायत सदस्य के पद रिक्त थे। चुनाव अधिकारी डॉ. विनोद कुमार यादव ने बताया कि प्रधान पद के लिए पूर्व प्रधान अजयपाल के पिता राजेंद्र प्रसाद और राजीव कुमार ने नामांकन कराया। वापसी में राजीव कुमार ने अपना नाम वापस ले लिया। इसके बाद राजेंद्र प्रसाद को निर्विरोध प्रधान घोषित किया गया। उन्होंने बताया कि जगतपुर और मटैया लालपुर ग्राम पंचायत में बीडीसी सदस्य के एकल नामांकन होने पर ब्लॉक प्रमुख पति अतविंदर सिंह और बुधसेन को निर्विरोध चुना गया है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत सदस्य का कोई पर्चा दाखिल न होने पर पुरैना ताल्लुके महाराजपुर, अभयपुर माधौपुर, संडई, रंपुरा मुश्तकीन कोन, जादौपुर गहलुइया, मनहरिया, टांडा में एक-एक और सेहरामऊ उत्तरी में दो ग्राम पंचायत सदस्य के पद रिक्त रह गए।