संतुलन बिगड़ा, बाइक समेत नहर में गिरा युवक, मौत
हिंदु युवा वाहिनी का कार्यकर्ता था हरदीप सिंह
- बाइक के नीचे दबने से नहीं निकल सका बाहर, रातभर पड़ा रहा
अमर उजाला ब्यूरो
बीसलपुर। कस्बा बिलसंडा के एक हिंदु युवा वाहिनी कार्यकर्ता की सोमवार देर रात नगर के एक नहर मेें डूबकर मौत हो गई। संतुलन बिगड़ने से वह बाइक समेत नहर में गिर गया था। बाइक के नीचे दबने से वह बाहर भी नहीं निकल सका। इस घटना से मृतक के घर रोना पीटना मच गया।
कस्बा बिलसंडा निवासी गुरदीप सिंह ने बताया कि उनका 22 वर्षीय पुत्र हरदीप सिंह संधू हिंदु युवा वाहिनी (हियुवा) का कार्यकर्ता था। हरदीप सिंह सोमवार की शाम बाइक से बीसलपुर किसी काम से आया था। काम निपटाने के बाद वह देर रात बीसलपुर से बिलसंडा को रवाना हुआ। बीसलपुर से निकलते ही बिलसंडा नहर तिराहे पर संतुलन बिगड़ जाने से वह बाइक समेत पड़ोस में बह रही नहर में जा गिरा। हरदीप सिंह नीचे गिरा और बाइक उसके ऊपर गिर पड़ी। हरदीप सिंह को निकलने का मौका ही नहीं मिला और नहर के पानी में दम घुटने से उसकी मौत हो गई। हरदीप सिंह का शव रात भर नहर में पड़ा रहा। मंगलवार को सुबह जब कस्बे के कुछ लोग उधर टहलने गए, तब उन्होंने नहर का यह नजारा देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाल माधौ सिंह विष्ट पुलिस फोर्स को लेकर मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव और बाइक बाहर निकाली। हरदीप सिंह की शर्ट की जेब में मौजूद आधार कार्ड से उसके नाम पते की जानकारी पुलिस को हुई। पुलिस द्वारा दी गई सूचना के आधार पर घरवाले तत्काल मौके पर पहुंचे और उन्होंने शव की शिनाख्त हरदीप सिंह के रूप में की। पुलिस ने शव सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।