04 पीबीटीपी 29 से 32 तक
पीलीभीत की चार छात्राओं ने झटके गोल्ड मेडल
दीक्षांत समारोह में राज्यपाल के हाथों हुई सम्मानित
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। शहर के पुष्प इंस्टीट्यूट ऑफ साइंसेज एंड हायर स्टडीज की छात्राओं ने इस बार भी शिक्षा के क्षेत्र में इबारत लिखी। एमजेपी रुहेलखंड विवि के मंगलवार को हुए दीक्षांत समारोह में पुष्प इंस्टीट्यूट की चार छात्राओं ने गोल्ड मेडल हासिल कर कीर्तिमान स्थापित किया। बरेली में हुए दीक्षांत समारोह में चारों छात्राएं राज्यपाल राम नाईक के हाथों सम्मानित हुईं।
पुष्प इंस्टीट्यूट में बीएड की मेघारानी, बीएससी गृह विज्ञान की एकता सक्सेना, एमएससी गृहविज्ञान सामान्य की निदा व एमएससी गृहविज्ञान मानव विकास की छात्रा याशिका शर्मा ने परीक्षा में विवि स्तर पर सर्वोच्च अंक हासिल कर विवि टॉप किया था। मंगलवार को रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से बरेली में हुए दीक्षांत समारोह में उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा व राज्यपाल राम नाईक ने चारों छात्राओं को गोल्ड मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। चारों छात्राओं ने सफलता का श्रेय शिक्षकों व माता-पिता को दिया। इंस्टीट्यूट के प्रबंध निदेशक एसपीएस संधू ने कहा कि लगातार गोल्ड मेडल मिलना गौरव की बात है। प्राचार्य डॉ. मोहम्मद सलीम, उप प्राचार्य डॉ. गीतिका शुक्ला, प्रशासनिक अधिकारी राजेंद्र कुमार, बीएड विभागाध्यक्ष डॉ. ओम महेश, एमएससी गृहविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. निर्मल कौर, बीएससी गृहविज्ञान विभागाध्यक्ष पूजा सक्सेना, बीबीए विभागाध्यक्ष हरेंद्र सिंह समेत सभी प्रवक्ताओं ने हर्ष जताया है।