बाघ ने तीन गायों को बनाया निवाला, चौथी घायल
बराही रेंज से सटे शारदा सागर डैम के पास हुई घटना
सूचना पर पहुंचे वनकर्मी, जुटाई जानकारी
06 पीबीटीपी 23
अमर उजाला ब्यूरो
माधोटांडा/पीलीभीत। शारदा सागर डैम के पास बुधवार दोपहर करीब दो बजे बाघ ने तीन गायों को निवाला बनाया। जबकि एक को हमला कर घायल कर दिया। गाय चराने के लिए आए ग्रामीणों से सूचना मिलने पर वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पड़ताल की। इस दौरान डैम से दो गायों के शव व एक को घायल हालत में बरामद किया है। बाघ की दस्तक के बाद से क्षेत्रवासी दहशतजदां हैं।
टाइगर रिजर्व पीलीभीत की बराही रेंज से मात्र 50 मीटर की दूरी पर शारदा सागर डैम के किनारे रोजाना पशुओं को चराने के लिए लोग जाते हैं। बुधवार सुबह पुरैना ताल्लुके महाराजपुर निवासी जसवीर कौर, जयदेव बाला समेत कई ग्रामीण अपने पशुओं को चराने के लिए डैम किनारे आए थे। अचानक बरसात शुरू होने पर पशुओं को छोड़कर ग्रामीण चले गए। इस बीच जंगल से निकले बाघ ने पशुओं पर हमला बोल दिया। तीन गायों को बाघ ने मार डाला, जबकि एक घायल हो गई। दोपहर करीब दो बजे पशुओं को वापस लेने पहुंचे तो बाघ मरी हुई एक गाय को खींचकर जंगल की तरफ ले जाता दिखाई दिया। यह देख ग्रामीणों के पसीने छूट गए। इसकी सूचना वन विभाग के कर्मचारियों को दी गई। जिस पर सेल्हा बीट के वन दरोगा ओमप्रकाश टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों के साथ मौके पर जांच की, तो दो गायों के शव डैम में पड़े मिले, जबकि एक घायल हालत में मिली। ग्रामीणों ने बताया कि तीसरी गाय को बाघ जंगल में खींचकर ले गया है। रेंजर अनिल शाह ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम मौके पर भेजी गई थी। ग्रामीणों कोअलर्ट रहने के लिए कहा गया है।