हर निवासी सुशील शर्मा ने गिनीज बुक ऑफ रिकार्ड में अपना नाम दर्ज कराकर पीलीभीत का मान बढ़ाया है। तीन जून को पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में हुई पेंटिंग प्रतियोगिता में देश के 1145 कलाकारों के साथ उन्होंने भी प्रतिभाग किया। इस प्रतियोगिता में भारत ने चीन का रिकार्ड तोड़कर अपना नाम गिनीज बुक ऑफ रिकार्ड में दर्ज कराया गया।
किसी भी देश में एक साथ पेंटिंग बनाने का रिकार्ड अब तक चीन के नाम था। चीन ने यह रिकार्ड 700 लोगों द्वारा एक साथ पेंटिंग बनाकर बनाया था लेकिन तीन जून को भारत ने चीन का यह रिकार्ड तोड़ दिया। दिल्ली के शिवाजी स्टेडियम में कलाकार फाउंडेशन की ओर से पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में हुई प्रतियोगिता में 1145 लोगों ने पेंटिंग्स बनाई। इसमें शहर की एलएच शुगर फैक्ट्री में स्टोर ऑफीसर रहे सुशील शर्मा ने भी प्रतिभाग किया। एक पेड़ एक जिंदगी विषय पर आयोजित इस पेंटिंग प्रतियोगिता में सुशील शर्मा की पेंटिंग को भी काफी सराहा गया। उनकी इस उपलब्धि पर शुभचिंतकों ने उन्हेें बधाई दी है। काफी समय तक शुगर फैक्ट्री में सेवाएं देने के बाद वर्तमान में सुशील शर्मा दिल्ली के एक स्कूल में शिक्षक हैं। पेंटिंग के अलावा उन्हें क्रिकेट से भी काफी लगाव है। खुद एक बेहतरीन क्रिकेटर होने के साथ ही वह अच्छे स्कोरर हैं और वर्तमान में यूपीसीए से जुड़कर प्रदेश में कई राज्यस्तरीय मैचों में स्कोरिंग कर चुके हैं।