घर में लगी आग, दंपति समेत तीन झुलसे
हालत गंभीर होने पर तीनों बरेली रेफर, मचा हड़कप
सीओ बीसलपुर से किया मौका मुआयना, जुटाई जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
बरखेड़ा/पीलीभीत। अज्ञात कारणों के चलते पुरैना गांव में मजदूर के मकान में बृहस्पतिवार तड़के तीन बजे आग लग गई। हादसे में दंपति समेत तीन लोग झुलस गए। चीख पुकार सुनकर जमा हुए ग्रामीणों ने बमुश्किल उनको बचाया। घायलों की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल से बरेली रेफर कर दिया गया है। इधर, सीओ बीसलपुर ने मौका मुआयना कर हादसे की जानकारी जुटाई। इसमें कमरे में रखी बैटरी में शार्ट सर्किट होने से हादसे का अंदेशा लगाया जा रहा है।
बरखेड़ा क्षेत्र के गांव पुरैना निवासी भगवत सरन (38) मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। बुधवार रात खाना खाने के बाद परिवार के लोग सोने चले गए। कमरे में बैटरी वाला पंखा लगा रखा था। बृहस्पतिवार सुबह तड़के करीब तीन बजे कमरे में आग लग गई। इसकी चपेट में आने से सो रहे भगवत सरन, पत्नी अंजू व मां रंपादेवी आग की चपेट में आकर झुलस गए। चीख पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण जमा हो गए। इसके बाद बमुश्किल आग पर काबू कर तीनों को निकाला गया। झुलसी हालत में तीनों को पहले सीएचसी लाया गया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल भर्ती कराया। बाद में हालत नाजुक होने पर तीनों को बरेली रेफर कर दिया गया है। मेमो से मिली सूचना पर तीनों के तहसीलदार ने जिला अस्पताल पहुंचकर बयान लिए। इसमें घायलों ने किसी तरह की रंजिश से इंकार करते हुए इसको हादसा बताया। उधर, सीओ बीसलपुर अनुराग दर्शन ने गांव पहुंचकर मौका मुआयना किया। इसमें कमरे में रखे बैटरी वाले पंखे से शार्ट सर्किट होने के बाद हादसा होने की बात निकलकर सामने आ रही है। एक ही परिवार के तीन लोगों को झुलसने को लेकर गांव में हड़कंप मचा रहा। एसएचओ मनोज कुमार त्यागी ने बताया कि मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। परिजन लिखित में हादसे की सूचना दे गए हैं।