उपकेंद्र में छलका जाम, वीडियो वायरल
एसडीओ की रिपोर्ट पर अधिशासी अभियंता ने किया निलंबित
अमर उजाला ब्यूरो
बरखेड़ा/पीलीभीत। उपकेंद्र पर जाम छलकाने का वीडियो वायरल होने के बाद विभागीय शिकंजे में घिरे टीजी द्वितीय रुपलाल पर आखिरकार गाज गिर ही गई। शनिवार को एसडीओ आनंद बाबू द्वारा भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर अधिशासी अभियंता ने आरोपी कर्मचारी रुपलाल को निलंबित कर दिया है।
विद्युत उपकेंद्र पर साथियों संग जाम छलकाना बिजली विभाग के टीजी (टेक्निकल ग्रेड ) द्वितीय रुप लाल को महंगा पड़ गया। मामले की वीडियो क्लिप सोशल साइट्स पर वायरल होने के बाद विभागीय अधिकारियों ने सख्ती की है। उपखंड अधिकारी आनंद बाबू ने आरोपी बिजली कर्मचारी के निलंबन के लिए संस्तुति कर रिपोर्ट अधिशासी अभियंता को भेज दिया। वहीं वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य संविदा कर्मियों को भी निकाल दिया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद बिजली विभाग की जमकर फजीहत को देखते हुए अधिकारियों ने कदम उठाया है।
विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी आनंद बाबू ने बताया कि 13 मार्च 2018 को उनको वायरल हो रही एक वीडियो क्लिप मिली। इसमें बरखेड़ा उपकेंद्र पर टीजी द्वितीय पद पर तैनात रुप लाल अन्य संविदा कर्मचारियों संग उपकेंद्र परिसर मेें शराब पीते दिखाई दे रहे हैं। इसको लेकर कुछ शिकायतें पहले भी मिल चुकी है, जिससे विभाग की छवि धूमिल हो रही है। सामने आई वीडियो की जांच की गई। इसमें प्रथम दृष्टया रुपलाल पर लगे आरोप सही साबित हो रहे हैं। आरोपी विद्युतकर्मी रुपलाल को निलंबित करने के लिए संस्तुति कर रिपोर्ट अधिशासी अभियंता को दी गई है। रिपोर्ट के आधार पर कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया।