माधोटांडा/पीलीभीत। पूरनपुर-माधोटांडा रोड पर पेट्रोल पंप के पास बाइक भैंस से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार किसान की मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया।
उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र के जाधवपुर निवासी 38 वर्षीय जगजीत पुत्र दर्शन सिंह मंगलवार को ट्रैक्टर का सामान खरीदने के लिए शाहजहांपुर जिले के खुटार बाजार गए थे। उनके साथ भतीजा समनदीप पुत्र बलविंदर सिंह भी था। देर शाम दोनों बाइक से वापस घर जा रहे थे। पूरनपुर माधोटांडा रोड पर थाना माधोटांडा गेट के पास पहुंचते ही बाइक भैंस से टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसकी सूचना मिलने पर एसएचओ इंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। घायलों की नाजुक हालत देखते हुए एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाए उन्होंने सरकारी पुलिस जीप में ही चालक इबनुल हसन खां और सिपाही अजीत मलिक के साथ घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया, यहां चिकित्सकों ने जगजीत को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे घायल का इलाज कराया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलने पर परिवार वाले भी जिला अस्पताल पहुंच गए। जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। एसएचओ ने बताया कि शव को जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी में रखवाया गया है। उधर बिलसंडा क्षेत्र में ग्राम ईंटगांव निवासी विक्की जायसवाल स्कूटी गड्ढे में जाने से घायल हो गए, जिसको सीएचसी भर्ती कराया गया है।
------