जाम से निजात दिलाने को एसपी ने लागू की गन्ना स्कीम
सीओ ट्रैफिक के निर्देशन में तय की पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी
पीलीभीत। गन्ना वाहनों से शहरवासियों के सामने आ रही जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए एसपी कलानिधि नैथानी ने प्रभावित इलाकों का भ्रमण कर हालात जाना। इसके बाद गन्ना स्कीम लागू कर इसका सख्ती से पालन कराने की जिम्मेदारी सीओ ट्रैफिक को दी है। शहर की सड़कों को जाम से बचाने के लिए बनाए गए दस प्वाइंटों पर गन्ने के ओवरलोड व ओवर हाइट वाहनों को रोका जाएगा।
चीनी मिल की शुरूआत के बाद सड़कों पर गन्ने के ओवरलोड व ओवर हाइट वाहनों से फैली अव्यवस्था को उजागर करते हुए अमर उजाला के प्रमुखता से समाचार प्रकाशित करने के बाद एसपी ने इसको संज्ञान लिया है। सोमवार को एसपी ने सख्ती करते हुए टीएसआई दुर्गा सिंह को फटकार लगाने के साथ ही सीओ ट्रैफिक कमल सिंह को तलब कर व्यवस्था सुधार के निर्देश दिए थे। मंगलवार को हालात का जायजा लेने के लिए एसपी कलानिधि नैथानी खुद सड़कों पर भ्रमण करने पहुंचे। टनकपुर हाईवे पर नकटादाना, गौहनिया चौराहा, बनकटी समेत कई जगह जाकर हालात परखे और गन्ना स्कीम लागू की। इसके तहत अब चिन्हित किए गए दस प्वाइंटों पर संबंधित थाने के एसओ, एसएसआई व यातायात पुलिस के कर्मचारियों की ड्यूटी रहेगी। इनका काम होगा कि वह शहर में लगाए गए पुलिसकर्मियों से संपर्क साधकर कम-कम संख्या में वाहनों को आगे बढ़ाएंगे। गन्ना स्कीम का पालन कराने की जिम्मेदारी सीओ ट्रैफिक कमल सिंह और टीएसआई दुर्गा सिंह को दी गई है।
यहां रोके जाएंगे गन्ना वाहन
जाम की स्थिति न बन सके, इसके लिए गन्ना वाहनों को आउटर पर न्यूरिया, जहानाबाद, गजरौला, माधौटांडा थाना के सामने रोका जाएगा। इसके अलावा माधोटांडा रोड पर चिड़ियादाह गांव के पास, असम हाईवे पर पूरनपुर गेट पुलिस चौकी, टनकपुर हाईवे पर गत्ता फैक्ट्री, बरेली हाईवे पर जहानाबाद तिराहा, बनकटी रोड पर सिविल लाइन चौकी के पास और धनकुना रोड से आने वाले गन्ना वाहनों को खकरा चौकी के पास सड़क किनारे खड़ा कराया जाएगा। इन सभी स्थानों पर पुलिस की ड्यूटी तय कर दी गई है।
गन्ना वाहनों से बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए दस प्वाइंट चिन्हित कर गन्ना स्कीम लागू की गई है। इसका सख्ती से पालन सीओ ट्रैफिक के निर्देशन में कराया जाएगा। ओवरलोड व ओवरहाइट के लिए चीनी मिल प्रबंधन की भी जिम्मेदारी तय कर दी गई है। शहर में जाम नहीं लगने दिया जाएगा।
कलानिधि नैथानी, एसपी