पीलीभीत। दिवाली पर बिजली व्यवस्था ठीक रखने के अफसरों के दावे फॉल्ट की भेंट चढ़ गए। लाल रोड पर लगे एक विद्युत पोल में फॉल्ट होने के बाद क्षेत्र में बिजली संकट गहरा गया। उधर समस्या का समाधान करना तो दूर अफसरों के फोन भी रिसीव नहीं हुए।
बृहस्पतिवार देर शाम लाल रोड पर लगे विद्युत पोल में फॉल्ट हो गया, जिसके बाद मोहल्ला खैरूल्लाशाह और मदीनाशाह की बिजली गुल हो गई। मोहल्ले के लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत करनी चाही, लेकिन किसी का फोन रिसीव नहीं हुआ। जिसके चलते क्षेत्रीय लोगों को बिजली किल्लत से जूझना पड़ा। दूसरे दिन सुबह जानकारी लगने पर बिजली विभाग के अफसरों ने सुध ली और सुधार कार्य कराकर सप्लाई सुचारू करवाई। मोहल्ला निवासी अनस अंसारी ने बताया कि खंभे से चिंगारी उठने के बाद उन्होंने बिजली विभाग के कई नंबरों पर कॉल की, लेकिन फोन नहीं उठा।