पीलीभीत। जिले में गेहूं खरीद प्रक्रिया का जायजा लेने के लिए सोमवार को अपर आयुक्त ने कलक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में पहले अफसरों संग बैठक कर गेहूं खरीद की समीक्षा की और इसके बाद दोपहर में शहर स्थित मंडी समिति, कलीनगर, न्यूरिया में खोले गए पीसीयू, पीसीएफ समेत कई क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। केंद्र प्रभारियों से गेहूं खरीद की स्थिति की जानकारी लेने के साथ भुगतान के बारे में पूछा। लक्ष्य के सापेक्ष खरीद नहीं होने पर जिला प्रबंधक की फटकार लगाते हुए किसानों का भुगतान कराने के आदेश दिए।
बैठक में अपर आयुक्त अन्द्रा वामसी ने पीसीयू, पीसीएफ, पीएसएस के अधिकारियों के साथ अब तक गेहूं क्रय केंद्रों पर की गई क्रय की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान पीसीएफ बदायूं द्वारा 87 क्रय केंद्रों पर मात्र 12 प्रतिशत गेहूं खरीद होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए पीसीएम जिला प्रबंधक का वेतन रोकने का निर्देश दिए। जिला प्रबंधकों को निर्देश दिए कि पचास क्विंटल की खरीद नहीं करने वाले क्रय केंद्र प्रभारियों पर कार्रवाई की जाए। एफसीआई के अधिकारियों की फटकार लगाई। गेहूं भंडारण व गेहूं उतरा में लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। क्रय केंद्रों से गेहूं उठान शत-प्रतिशत होने के निर्देश दिए। एडीएम अतुल सिंह को निर्देश दिए कि यदि किसी भी क्रय केंद्र पर घटतौली या फिर कोई अन्य बात सामने आती है, तो संबंधित के खिलाफ करवाई करें। निरीक्षण के दौरान क्रय केंद्र प्रभारियों के बीच हड़कंप मच गया। इस दौरान सहायक निबंधक अधिकारी अतुल सिंह, डिप्टी आरएमओ अविनाश झा समेत बरेली, बदायूं के सहायक निबंधक अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ से निपटने को लेकर की जा रही तैयारियों को लेकर डीएम वैभव श्रीवास्तव ने गांधी सभागार में बाढ़ खंड विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान बाढ़ चौकियों पर विभागवार की जाने वाली व्यवस्था की समीक्षा की। सीएमओ को बाढ़ चौकियों पर पर्याप्त दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में गोताखोरों नावों व स्थानीय लोगों के नंबर अपने पास रखने और शारदा सागर खंड के अधिशासी अभियंता को कटान पर विशेष तौर से ध्यान देने को कहा।