खेकड़ा (बागपत)।
क्षेत्र के ग्राम मुबारिकपुर के ग्रामीणों ने गांव में ही प्रदर्शन कर डीएम से जलभराव की समस्या हल कराने की मांग की। साथी समस्या हल नहीं होने पर धरना शुरू करने की चेतावनी दी।
क्षेत्र के ग्राम मुबारिकपुर में आबादी के बीच स्थित तालाब के गंदे पानी की निकासी की अभी तक कोई व्यवस्था अधिकारियों ने नहीं की। तालाब गंदगी एवं गंदे पानी से अटा है। तालाब का गंदा पानी सटे मकानों में घुसना शुरू हो गया है। गंदगी एवं दुर्गंध युक्त पानी के कारण लोग परेशान हैं। बदबू से संक्रामक रोगों के फैलने की संभावना है। पूर्व में तालाब में पशु भी गिरकर घायल हो चुके हैं। ग्रामीणों ने कहा तालाब की सफाई के नाम पर महज खाना पूर्ति कर दी जाती है।
सोमवार की दोपहर आक्रोशित ग्रामीणों ने गांव में एकत्र होकर प्रदर्शन किया और डीएम से हस्तक्षेप कर जलभराव की समस्या हल कराने की मांग की। इनमें मुकेश, संदीप, नितिन, रुपल, सोनू, संजय, जयभगवान, सुरेंद्र, विपिन, अनिल, प्रदीप, विकास आदि रहे।