खेकड़ा (बागपत)।
वर्तमान समय में एमएम डिग्री कॉलेज में चल रही बीएड परीक्षा में गड़बड़ी सामने आई है। प्रवेश पत्र पर फोटो बदल कर परीक्षा मुन्ना भाई दे रहे हैं। सूचना मिलते ही केंद्र संचालक ने इसकी जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन को दी है। इससे कॉलेज संचालकों में हड़कंप मच गया है।
नगर में स्थित महामना मालवीय डिग्री कॉलेज में चल रही बीएड की परीक्षा में गड़बड़ी प्रकाश में आई है। सूत्रों के अनुसार चार जून को शक के आधार पर कक्ष निरीक्षक ने दूसरी शिफ्ट में कक्षाओं में प्रवेश पत्रों की जांच की तो पाया कि करीब एक दर्जन परीक्षार्थी ऐसे पकड़ में आए, जिनके नाम कुछ और थे, प्रवेश पत्र पर लगा फोटो और नाम किसी ओर के थे। कक्ष निरीक्षक ने तुरंत इसकी सूचना प्राचार्य डॉ. जगदीश कुमार को दी। प्राचार्य डॉ. जगदीश कुमार ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में आया तो गहन जांच की गई। जांच में घोटाला मिला। तभी संबंधित कॉलेजों के संचालकों को इसकी चेतावनी भरी सूचना दी। साथ ही एक पत्र विश्वविद्यालय के नाम भेजा गया।
प्राचार्य डॉ. जगदीश कुमार ने बताया कि वह कॉलेज में ऐसे किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा नहीं देने देंगे, जिसके प्रवेश पत्र में त्रुटि मिलेगी। छात्र- छात्राओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले ऐसे कॉलेजों के खिलाफ कार्रवाई की मांग विश्वविद्यालय प्रशासन से करेंगे। बहराल पूरे प्रकरण से बीएड कॉलेजों के संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
क्या करते है कुछ बीएड कॉलेज संचालक
प्रवेश पत्र किसी का फोटो किसी का लगाकर परीक्षा दिलाने का काम तभी होता है, जब कॉलेज में प्रवेश लेने वाला नहीं आता तो ऐसे में कॉलेज प्रबंधन दूसरे को एडमीशन दे देते हैं परीक्षा दिलाकर वह नामों में त्रुटि दर्शाकर उसका नाम आनलाइन संशोधन करा देते हैं। इसके लिए मोटी रकम वसूली जाती है।