शिकायत पर दो स्थानों पर पकड़ी गई बिजली चोरी
कोतवाली में आरोपियों पर दर्ज कराई गई रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
बीसलपुर। बिजली चोरी करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए बरेली से आई विजिलेंस टीम ने बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे नगर में छापामार कार्रवाई की। यहां कई स्थानों पर अवैध तरीके से बिजली का इस्तेमाल पकड़ा गया। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
विद्युत विभाग के सचल दल को सूचना मिली थी कि छेदालाल कॉलोनी में गुड्डू और नावल्टी मार्केट में शाहिद मिर्जा के प्रतिष्ठान पर लंबे समय से बिजली चोरी की जा रही है। इसको गंभीरता से लेते हुए बृहस्पतिवार रात को बरेली से आई टीम ने दोनों स्थानों पर छापामारी की। सचल दल प्रभारी अबरार अहमद ने बताया कि दोनों जगह अवैध तरीके से बिजली प्रयोग पकड़ा गया है। इसमें कार्रवाई के लिए तहरीर कोतवाली में दी है। उधर, कोतवाल मनोज त्यागी ने बताया कि सचल दल प्रभारी की तहरीर पर गुड्डू और शाहिद मिर्जा के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
000
नहीं सुधरे हालात, कपड़े सुखाने के काम आ रहे तार
09 पीबीटीपी 12
चुर्रासकतपुर। अफसरों की अनदेखी के चलते गौटिया गांव में डेढ़ दशक से बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हो सका है। बिजली के टूटे तारों का सुधार नहीं कराया जा सका। नतीजतन टूटे तारों पर ग्रामीण अपने गीले कपड़ों को सुखाने में इस्तेमाल कर रहे हैं।
गांव गौटिया का विद्युतीकरण वर्ष 1992 में कराया गया था। कुछ समय तक सब व्यवस्था सही तरीके से चलती रही। 1993 में आए तूफान में विद्युतीकरण पूरी तरह से ध्वस्त हो गया। जिसको आज भी नहीं सुधरवाया जा सका है। इस तूफान में बिजली के पोल टूूट गए। बिछाए गए तार समाप्त होने की कगार पर आ गए। पूर्व ब्लॉक प्रमुख शशि मिश्रा, भाजपा नेता रामप्रकाश मिश्रा, ग्राम प्रधान गंगा देवी और पूर्व प्रधान नन्हे लाल भारती समेत कई लोगों ने इसके सुधार के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत की। ग्रामीणों के सामने आ रही दिक्कत को भी गिनाया गया। हर बार अफसर सिर्फ आश्वासन देकर टाल गए। यही नहीं हालात यह बन गए हैं कि अब लोग टूटे बिजली तारों का इस्तेमाल अपने कपड़े सुखाने को कर रहे हैं। एसडीओ आंनद बाबू ने बताया कि टीम को गांव भेजकर इसकी जांच कराई जाएगी। जिसके बाद उच्चाधिकारियों से बातचीत कर जल्द इसका समाधान कराया जाएगा।