पीलीभीत। दीपावली पर सोने-चांदी के सिक्कों के साथ ही नए नोटों की गडि्डयां भी खूब तलाशी गईं। 10, 20 और 50 रुपयों की गड्डी की मांग अधिक रही। बैंक में न मिलने पर लोगों ने बाजार का रुख किया तो चार से पांच सौ रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़े।
10 रुपये के नोटोें की गड्डी लोगों को बैंंक से नहीं मिल सकी। बैंक कर्मियों से जान-पहचान वाले ही बमुश्किल इसे हासिल कर सके। बैंक में न मिलने पर लोगों ने बाजार में नोट बदलने और नोटों की माला बनाने वालों से संपर्क किया तो दाम सुनकर सन्न रह गए। दुकानदार ने 10 रुपये के नए नोटों की गड्डी के 14 सौ रुपये बताए। कहा कि नोट बाहर से मंगाए हैं। बड़ी मुश्किल से मिले हैं। इसी वजह से चार सौ रुपये अधिक लिए जा रहे हैं। 20 रुपये के नए नाेटों की गड्डी 2500 रुपये में दी गई। बाजार में फल मंडी के आगे नोटों की माला बना रहे दुकानदार ने बताया कि हमें भी अधिक रुपये देने पड़ते हैं। इस वजह से ही अतिरिक्त रुपये लिए जा रहे हैं।