पीलीभीत। जिले के करीब 1360 आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों का वजन नहीं हो पा रहा है। इसका कारण इन केंद्रों पर वजन मशीन का न होना है। हालांकि अब पंचायत विभाग इन केंद्रों पर मशीन मुहैया कराएगा।
गर्भवती, धात्री और नवजात शिशुओं की देखभाल व पोषाहार मुहैया कराने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन किया जा रहा है। नियमानुसार आंगनबाड़ी केंद्रों पर वजन मशीन का होना भी अनिवार्य होता है। जिससे वजन के अनुसार आहार और बच्चों के स्वास्थ्य का विवरण दर्ज किया जा सके।
जिले में करीब 1960 आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन किया जा रहा है। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक करीब 600 केंद्रों पर वजन मशीन है। करीब 1360 केंद्रों पर इन मशीनों को उपलब्ध कराया जाना है। हाल ही में डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक में वजन मशीन की कमी का मुद्दा उठा था।
डीएम ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर अब पंचायती राज विभाग इन आंगनबाड़ी केंद्रों पर वजन मशीन उपलब्ध कराएगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी युगल किशोर सांगुड़ी ने बताया कि कुछ केंद्रों पर वजन मशीन उपलब्ध करा दी गई है। जल्द ही शेष केंद्रों पर भी डीएम स्तर से पंचायती राज विभाग की ओर से इन मशीनों को उपलब्ध करा दिया जाएगा।