बाघ के पगचिह्न देख किसान ने लगाई दौड़
सूचना पर पहुंची निगरानी टीम, ग्रामीणों को किया अलर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
अमरिया। तहसील क्षेत्र के गांव मोहनपुर में बाघ की दस्तक के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची निगरानी टीम ने पगचिह्न ट्रेस कर ग्रामीणों को अलर्ट किया।
गांव मोहनपुर निवासी चरनजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने नीम घाट के पास मंदिर के सामने स्थित अपने खेत में रविवार देर शाम मटर बोई थी। सोमवार सुबह जब खेत में घूमने गए तो वहां पर बाघ के ताजे पगचिह्न दिखाई दिए। जिसके बाद वह घबराते हुए सीधे घर की तरफ दौड़ पड़े। आबादी में पहुंच इसकी चर्चा की गई, जिसके बाद काफी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना मिलने पर निगरानी टीम के वन दरोगा अवनेश गंगवार, मुश्ताक अहमद, चेतन कुमार मौके पर पहुंचे और बाघ के पगचिह्न ट्रेस किए। गांव के लोगों को बाघ की चहलकदमी देखते हुए अलर्ट रहने को कहा गया। इधर, धान की कटाई का काम भी बाघ की दहशत के चलते खासा प्रभावित हो रहा है।