शारदा नदी का जलस्तर घटने से कटान की गति हुई धीमी
बचाव कार्य करवाने में लगे रहे अभियंता
अमर उजाला ब्यूरो
माधोटांडा (पीलीभीत)। शारदा डैम के सामने रमनगरा बुझिया में नदी का जलस्तर काफी घट गया है। इससे नदी के कटान में भी काफी कमी हो गयी है। बचाव कार्य एक दिन बंद रहने के बाद शुक्रवार को अभियंताओं ने बैंबू कटर लगवाना शुरू कर दिया है।
शारदा डैम के सामने रमनगरा बुझिया में नदी पिछले चार दिनों से कटान कर रही है। नदी ने वर्षों पूर्व बनी पत्थर की चार ठोकर को भी क्षतिग्रस्त कर अपने आगोश में ले लिया था। जिसके बाद ग्राम रमनगरा बुझिया की आबादी को भी खतरा बढ़ गया था। नदी लगातार कटान करती हुई बुझिया गांव में आबादी की ओर बढ़ रही है। नदी के कटान को देखते हुए बाढ़ खंड के अभियंताओं ने ठेकेदारों की टीम को यहां लगाया और आनन-फानन में बैंबू कटर लगाकर बोरे में रेत व मिट्टी भरकर डलवाना शुरू किया था। लेकिन नदी ने चार पत्थर की ठोकरों को निगल लिया।
शुक्रवार को नदी के जल स्तर में काफी गिरावट रही। जिसके चलते कटान की स्थिति में भी काफी कमी आई। इसका लाभ उठाते हुए बाढ़ खंड के अधिकारियों ने यहां बचाव कार्य तेज कर दिया है। अभियंता वहां मौजूद रहकर बचाव कार्य के लिए बैंबू कटर लगवाने का कार्य करा रहे हैं। सहायक अभियंता ध्रुव नारायण शुक्ला ने बताया कि जलस्तर में काफी कमी के कारण कटान थमा हुआ है। बुझिया की आबादी को बचाने के लिए कार्य जारी है।