जिला प्रशासन ने 21 जून को गांधी स्टेडियम में आयोजित किए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर तैयारियां बुधवार देर शाम पूरी ली। इस कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। स्टेडियम में करीब 2000 से अधिक योग साधकों के भाग लेने की संभावना है। तहसील व ब्लाक स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई।
चतुर्थ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। स्कूल कॉलेजों व सामाजिक संगठनों द्वारा योग कार्यक्रम व जागरूकता रैली निकालकर योग के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इधर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर गांधी स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई। कार्यक्रम की नोडल अधिकारी/क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी मीरा वर्मा ने बताया कि गांधी स्टेडियम में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा को बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि योग कार्यक्रम बुधवार सुबह सात बजे से आठ बजे तक चलेगा। इसमें पुरुष अधिकारी सफेद टीशर्ट-लोअर व महिला अधिकारी सफेद सूट में कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके अलावा इसके अलावा योग दिवस पर बृहस्पतिवार को सुबह सात बजे से आठ बजे तक तहसील व ब्लाक स्तर पर भी कार्यक्रम होंगे। इसकी तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।
00
इन स्थानों पर भी होंगे योग कार्यक्रम
योग दिवस पर सामाजिक संगठनों द्वारा भी योग शिविर आयोजित किए जाएंगे। भारतीय योग संस्थान द्वारा आर्य समाज मंदिर में सुबह पांच बजे से साढ़े छह बजे तक योग शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद सभी योग साधक गांधी स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके अलावा पंतजलि द्वारा डिवाइन कॉलेज में बृहस्पतिवार सुबह सात बजे से आठ बजे तक योगाभ्यास कराया जाएगा। स्प्रिंगडेल कॉलेज में भी बृहस्पतिवार को सुबह साढ़े पांच बजे से सात बजे तक योग कार्यक्रम होगा। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में सुबह सात बजे से योग कार्यक्रम होगा।
00
शहर में शाम को निकली योग जागरूकता रैली
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार शाम संतराम शिशु मंदिर अशोक कॉलोनी से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को सिटी मजिस्ट्रेट पूनम निगम ने झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली स्टेडियम रोड होते हुए सुनगढ़ी थाना, स्टेशन रोड, छतरी चौराहा होते हुए पुन: विद्यालय परिसर में देर शाम आकर हुई। रैली में शामिल लोगों ने अंतर्राष्ट्रीय दिवस पर बृहस्पतिवार को होने वाले कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। रैली में सिटी मजिस्ट्रेट पूनम निगम, नोडल अधिकारी/क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी मीरा वर्मा समेत सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता शामिल रहे।
00
छात्रों ने गांव-गांव जाकर जगाई योग की अलख
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से एक दिन पूर्व बुधवार को चिरौंजीलाल वीरेंद्रपाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्रों ने टोलियों के रूप में गांव कल्याणपुर, जहानाबाद, ललौरीखेड़ा, बिठौरा, न्यूरिया, पौटाकलां, टाहपौटा आदि में योग शिविर लगाकर लोगों को योग के प्रति जागरूक किया। ग्रामीणों को कपाल भाति, भ्रमर आसन, ध्यान आदि का अभ्यास कराया। प्रधानाचार्य सुभाष चंद्र सिसौदिया व योग गुरु रवि प्रताप सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को विद्यालय प्रागण में योग शिविर लगाया जाएगा।