बिलसंडा ब्लॉक के 60 प्रधानों को दिया प्रशिक्षण
पीलीभीत। विकास भवन स्थित सभागार में बिलसंडा ब्लॉक के करीब 60 प्रधानों को विकास कार्यों संबंधी जानकारी देते हुए प्रशिक्षण दिया गया। इस मौके पर सीडीओ ने प्रधानों को संबोधित करते हुए कहा कि वह प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना में पूरी पारदर्शिता से काम करें। अगर किसी भी प्रधान को कोई समस्या हो तो वह कार्यालय आकर अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास में किसी तरह की धंाधली न हो, गरीब पात्रों को उनका हक मिल सके। सीडीओ ने यह भी कहा कि इस योजना से संबंधी अगर लेनदेन की शिकायत हो तो इससे अवगत कराएं। जिला पंचायत राज अधिकारी प्रमोद कुमार यादव ने ग्राम विकास योजना के तहत कार्ययोजना बनाने तथा कार्ययोजना के प्रस्ताव को पारित करने को प्राथमिकता के आधार पर चयन करने का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि जनपद खुले में शौच से मुक्त होना है। ग्राम प्रधान भेजी गई सूची में जो कमी है उसे सुधार कर दोबारा भेजें। प्रशिक्षण कार्यक्रम में परियोजना निदेशक, डीपीआरओ आदि अधिकारी शामिल रहे।