खेकड़ा (बागपत)।
भारतीय ताईक्वांडो महासंघ के तत्वावधान में दिल्ली के त्यागराज इंदौर स्टेडियम में हुई ओपन अंतरराष्ट्रीय ताईक्वांडो प्रतियोगिता में बागपत खिलाड़ियों ने नौ पदक जीते। पदक लेकर लौटे खिलाड़ियों का स्वागत किया।
भारतीय ताईक्वांडो महासंघ के तत्वावधान में दिल्ली के त्यागराज इंदौर स्टेडियम में 26 से 28 अप्रैल तक चली तीसरी ओपन अंतरराष्ट्रीय ताईक्वांडो प्रतियोगिता में बागपत के खिलाड़ियों ने भाग लिया। संघ सचिव सचिन शर्मा ने बताया कि बालिका वर्ग में बागपत की टीम की खिलाड़ी विधि कुंडू, शिवानी खोखर, कुमारी शिवानी ने स्वर्ण पदक जीते। सब जूनियर बालिका वर्ग में बागपत की खिलाड़ियों ने रजत पदक जीता। सीनियर पुरुष वर्ग में अंकित कुमार ने कांस्य पदक जीता। साथ ही युद्ध शैली बालिका वर्ग में साईमा और वर्णिका ने कांस्य पदक, जूनियर बालिका वर्ग में अक्षिता तोमर ने रजत और अभिनव धामा ने बालक वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। पदक लेकर लौटे खिलाड़ियों का नगर स्थित देव कृष्णा पब्लिक स्कूल में खेल प्रेमियों ने स्वागत किया। इस दौरान स्कूल के प्रबंधक सोनू यादव, संघ अध्यक्ष सुभाष त्यागी, धर्मेंद्र शर्मा, मनीष यादव, सोनू त्यागी, नीरज नैन आदि मौजूद रहे।