महाशिवरात्रि: चार जोन में बांटा शहर
शिवालयों से लेकर मुख्य चौराहों तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम
जुलूस को लेकर भी पुलिस-पीएसी की लगाई गई ड्यूटी
मंदिर परिसर में वाहनों को नहीं मिलेगा प्रवेश
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। महाशिवरात्रि पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस महकमे की ओर से सुरक्षा बंदोबस्त का खाका तैयार कर लिया गया है। शिवालयों से लेकर मुख्य चौराहों तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शहर की सुरक्षा को चार जोन और 14 सेक्टर में बांटा गया है। इसके अलावा 13 व 14 फरवरी को शहर में निकाली जाने वाली शिव बारात को लेकर पुलिस और पीएसी की ड्यूटी लगाई गई है।
अधिकांश स्थानों पर महाशिवरात्रि का पर्व आज 13 फरवरी को मनाया जाएगा। शिवालयों में इसको लेकर आज एक दिन पहले से तैयारी की जाती रही। उधर पुलिस महकमा भीड़ का आंकलन कर बंदोबस्त बनाने में जुटा रहा। प्राचीन गौरीशंकर मंदिर, अर्द्धनारीश्वर मंदिर, दूधियानाथ मंदिर समेत अन्य शिवालयों पर सुबह से ही पुलिस बल को लगाया गया है। महिला पुलिस की भी तैनाती की गई है। सर्वाधिक भीड़ गौरीशंकर मंदिर में उमड़ेगी। इसको देखते हुए वहां पर अतिरिक्त बंदोबस्त किए गए हैं। मंदिर परिसर में किसी भी वाहन को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वाहनों की पार्किंग के लिए लक्ष्मी नारायन मंदिर से पहले ब्रम्हचारी घाट जाने वाले रास्ते पर की जाएगी। यहां पर मोबाइल बैरियर लगाकर पुलिस की तैनाती रहेगी। मंदिर में महिला और पुरुष की अलग-अलग कतार रहेगी। जिसको व्यवस्थित तरीके से दर्शन के लिए प्रवेश दिया जाएगा। शोहदों पर शिकंजा कसने को सिविल ड्रेस में महिला, पुरुष पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। मंदिर के बाहर दुकानें नहीं लगने दी जाएंगी। मुख्य चौराहों पर सिपाहियों की तैनाती रहेगी। डेयरी वालों को नोटिस देकर जानवर ब्रम्हचारी घाट न भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा शाम करीब पांच बजे शेरों वाली मठिया से निकलने वाली शिव बारात के प्रभारी सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल होंगे। कोतवाल जसपाल सिंह ग्वाल जुलूस के आगे रहेंगे। बीच में और पीछे भी पुलिस बल रहेगा।
शिवालयों और आसपास की सड़कों पर साफसफाई कर चूना डलवाया जाएगा। दूसरे दिन रंगीलाल चौराहा से 14 फरवरी को शिव बारात निकाली जाएगी। इसके प्रभारी सीओ लाइन कमल सिंह बनाए गए हैं। इसमें एसएचओ सुनगढ़ी मोहम्मद कासिम जुलूस के आगे रहेंगे। पीएसी को भी ड्यूटी पर लगाया गया है। एसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि शिवरात्रि पर्व को लेकर 13 व 14 दोनों दिन पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। सभी पुलिसकर्मियों को गंभीरता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। किसी तरह की खुराफात अगर कोई करता है, तो सख्ती से निपटा जाएगा।