जांच दबाए बैठे लिपिक को सीडीओ ने फटकारा
सचिव मेवालाल पर आरोप सिद्ध फिर भी नहीं की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। शौचालय निर्माण में लाखों की गड़बड़ी का आरोप सिद्ध हो जाने के बाद भी रिपोर्ट एक साल से दबाकर रखी गई है। सीडीओ ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए पंचायत विभाग के लिपिक दुर्गा चरण को फटकार लगाई। उन्होंने तीन दिन में जांच रिपोर्ट देने के भी आदेश दिए हैं।
बीसलपुर के मीरपुर वाहनपुर में वर्ष 2014-15 में 204 शौचालयों के निर्माण की धनराशि भेजी गई थी। जिसमें तत्कालीन पंचायत सचिव मेवालाल पर शौचालय निर्माण में लाखों की गड़बड़ी किए जाने का आरोप लगा था। घोटाले की जांच तत्कालीन प्रभारी एडीओ पंचायत ओपी माथुर, स्वच्छ भारत मिशन के हेमेंद्र पाल और खंड प्रेरक महेश चंद्रा ने की, जिसमें लगभग 24 लाख का घोटाला सामने आया। जांच टीम ने लगभग एक साल पहले इस प्रकरण की रिपोर्ट डीपीआरओ को सौंपी लेकिन आज तक कोई कार्रवाई न होने पर सोमवार को सीडीओ डॉ. दिनेश कुमार सिंह ने पंचायत विभाग के लिपिक दुर्गा चरण को कार्यालय में बुलाकर फटकार लगाई। साथ ही तीन दिन में रिपोर्ट देने को कहा। सीडीओ डॉ. दिनेश कुमार सिंह का कहना है डीपीआरओ प्रमोद कुमार यादव छुट्टी पर हैं। इस मामले में उनसे भी जवाब तलब किया जाएगा। वर्तमान में सचिव मेवालाल ब्लॉक मरौरी में तैनात है। उन पर कार्रवाई की तलवार लटकी है।