पीलीभीत। ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में शुक्रवार को मतगणना कार्य कराए जाने के कारण गांधी स्टेडियम रोड पर पहुंचते ही राहगीर फंसकर रह गए। अशोक कॉलोनी गेट पर पहुंचने के बाद बैरियर पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उनको वापस लौटा दिया। इस दौरान स्कूली बच्चे और अस्पताल जाने वाले मरीजों को भी रास्ता नहीं दिया गया।
इस मार्ग पर सर्वाधिक अस्पताल हैं। इसके अलावा टनकपुर हाईवे पर गौहनिया चौराहा के आसपास कई स्कूल होने के कारण बच्चों के रिक्शे इसी से गुजरते हैं। शुक्रवार को मतगणना की सुरक्षा के लिहाज से गांधी स्टेडियम रोड पर अशोक कॉलोनी गेट के पास बैरियर लगाकर यातायात बंद कर दिया गया। यहां से किसी को भी इंट्री नहीं दी गई। मौके पर भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई। उधर गौहनिया चौराहा पर भी बैरियर लगाकर पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे। स्टेशन रोड से राहगीर गंतव्य तक जाने को इस मार्ग पर मुड़ तो गए, लेकिन आगे आकर उनको बैरियर पर लगी पुलिस ने रोक दिया। कुछ लोगों ने बहस करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती के आगे एक न चल सकी। स्कूली बच्चों के रिक्शों को भी इंट्री नहीं दी गई। कुछ राहगीरों ने अस्पताल तक जाने की बात कही, लेकिन उनको भी पुलिस ने दूसरा रास्ता बताकर जाने की बात कह डाली। इस दौरान राहगीर मतगणना समाप्ति तक परेशान होते रहे।
------