सुबह आठ बजे से शुरू होगी पांच स्थानों पर मतगणना, तैयारियां पूरी
पीलीभीत। नौ नगर निकायों में अध्यक्ष पद के 78 और सभासद के 766 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला शुक्रवार को होगा। जिले के पांच स्थानों पर सुबह आठ बजे से 146 टेबल पर मतों की गिनती प्रारंभ होगी। इसके लिए 584 कार्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। डीएम शीतल वर्मा व एसपी कलानिधि नैथानी ने पुलिस लाइन में अधिकारियों की बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
शहर के ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में पीलीभीत नगर पालिका के अलावा जहानाबाद व न्यूरिया हुसैनपुर नगर पंचायत के वोटों की गिनती होगी। इसके लिए कॉलेज के बरामदे एवं हाल में मतगणना टेबल लगाई गई है। प्रत्याशी अथवा उनके अभिकर्ताओं के लिए टेबल के सामने ही गैलरी बनाकर जाली लगाई गई है। इसके अलावा पुलिस ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। अधिकारियों व मीडियाकर्मियों के लिए अलग से कक्ष बनाए गए हैं। पीलीभीत नगरपालिका के सभी 27 वार्डों में हुए चुनाव के लिए 54 टेबल लगाई गई हैं। प्रत्येक टेबल पर चार-चार मतगणना कर्मी रहेंगे। एक साथ लगी दो टेबल में अध्यक्ष और सभासद की एक-एक मतपेटी में पड़े मतों की गिनती कराई जाएगी। सभी टेबल पर अध्यक्ष पद के मतों की गिनती पूरी होने पर मुख्य टेबल पर उसे जोड़कर प्रत्याशियों को मिले कुल मतों की गिनती स्पष्ट की जाएगी।
पूरनपुर। निकाय चुनाव की मतगणना सुबह आठ बजे से जीजीआईसी में में शुरू होगी। इसके लिए 18 टेबल पर लगाई गई हैं। हर टेबल पर एक एचसीपी, कांस्टेबिल तैनात रहेगा। सुरक्षा के लिहाज से नगर में आठ बैरियर बनाए गए हैं। मतगणना के समीप पीलीभीत रोड पर वाहनों की पार्किंग रहेगी। मतगणना परिसर में बीडी, माचिस, ज्वलनशील पदार्थ, मोबाइल ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पुलिस ने मतगणना की त्रिस्तरीय सुरक्षा का बंदोबस्त किया गया है। मतगणना स्थल के आसपास की दुकानें बंद रहेगी। तहसीलदार केबी सिंह ने बताया नौ-नौ टेबल पर सदस्य व अध्यक्ष पद के वोटों की गिनती होगी। वहीं कलीनगर व गुलड़िया भिंडारा नगर पंचायत के मतों की गिनती क्रमश: गुलाबटाडा स्थित जीटीआई और अमरिया ब्लॉक परिसर में होगी।
बीसलपुर। एसआरएम इंटर कॉलेज में शुक्रवार को होने वाली मतगणना के संबंध में प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। तहसीलदार विवेक मिश्रा ने बताया कि कॉलेज में नगर पालिका परिषद बीसलपुर के अध्यक्ष, सभासद पदों के प्रत्याशियों के मतों की गणना के लिए 15-15 टेबल लगाई गईं हैं। नगर पंचायत बरखेड़ा के अध्यक्ष, सभासद पदों के प्रत्याशियों के मतों की गणना के लिए तीन तीन, नगर पंचायत बिलसंडा के अध्यक्ष और सभासद पदों के प्रत्याशियों के मतों की गणना के लिए दो-दो टेबल लगाई गई हैं। कुल मिलाकर 40 टेबल लगाई गईं हैं। एसडीएम जेपी चौहान ने मतगणना स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया।
जुलूस निकालने की अनुमति नहीं: डीएम
पीलीभीत। मतगणना को लेकर डीएम शीतल वर्मा ने पुलिस लाइन में पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों व आओ एआरओ के साथ बैठक की। डीएम ने कहा कि मतगणना स्थल पर कोई भी अभिकर्ता इंक पैन, मोबाइल आदि लेकर नहीं जाएगा। स्ट्रांग रूम से टेबल तक मतपेटियां लाने ले जाने में लगे कर्मियों की ड्यूटी बदली नहीं जाएगी। वहीं मतगणना के बाद भी विजेता को जुलूस निकालने की अनुमति नहीं है। इसके अलावा वाहन के मतगणना स्थल पर प्रवेश न होने देने, एक स्थान पर पांच से अधिक लोगों के एकत्र न होने के निर्देश भी डीएम ने दिए। एसपी कलानिधि नैथानी ने भी पुलिस कर्मियों को अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद रहने और मतगणना के बाद बारह वफात के जुलूस की ड्यूटी में पहुंचने के निर्देश दिए हैं।
रोबोट की तरह डटेंगे पुलिस कर्मी
पीलीभीत। चुनाव आयोग के निर्देश पर शुक्रवार को सुबह आठ बजे से मतगणना होनी है और शाम को शहर में तनाव के बीच जुलूस-ए-मुहम्मदी निकलेगा जो शनिवार भोर तक चलेगा। मतगणना की ड्यूटी के लिए पुलिस कर्मियों को सुबह छह बजे मतगणना स्थल पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। शाम तक मतगणना कराने के बाद भी ये पुलिस कर्मी राहत की सांस नहीं ले सकेंगे। मतगणना समाप्त होने के तुरंत बाद उन्हें शहर में शुक्रवार रात निकलने वाले जुलूस-ए-मुहम्मदी को सकुशल संपन्न कराने के लिए ड्यूटी करने निर्धारित स्थानों पर पहुंचना होगा। जुलूस करीब भोर तक निकलेगा। इस तरह पुलिसकर्मियों को बिना आराम किए शुक्रवार सुबह छह बजे से लेकर लगभग पूरी रात एक रोबोट की तरह कार्य करते रहना होगा। इसको लेकर हालांकि पुलिस कर्मियों में भी भीतर ही भीतर रोष देखा जा रहा है, लेकिन अनुशासन से बंधे होने के कारण वह मुंह नहीं खोल रहे हैं।