पीलीभीत। उत्पीड़न करने वाली प्रधानाध्यापिका को हटाने की मांग को लेकर रसोइयों का चल रहा धरना प्रदर्शन पच्चीसवें दिन क्रमिक अनशन में तब्दील हो गया। आक्रोशित रसाइयों ने उत्पीड़न मामले की जांच करने वाले खंड शिक्षा अधिकारी का पुतला फूंका और नारेबाजी कर जुलूस निकाला।
रसोइया महिला जागृति मंच के बैनर तले विभिन्न मांगों को लेकर जिले भर के रसोइया 15 सितंबर से नेहरू पार्क में धरना प्रदर्शन कर रहीं हैं। इधर सोमवार को रसोइयों ने नेहरू पार्क परिसर में ही उत्पीड़न मामले की जांच करने वाले खंड शिक्षा अधिकारी मदनलाल पर खानापूरी का आरोप लगाते हुए नारेबाजी कर उनके पुतले को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद नारेबाजी करते हुए नेहरू पार्क से निकला जुलूस निकाला। जुलूस गौहनिया चौराहा, छतरी चौराहा, स्टेशन रोड, जेपी रोड, लकड़ी मंडी रोेड होते हुए बीएसए कार्यालय पहुंचा।
अनशन स्थल पर हुई सभा में मंडलीय संरक्षक मुरलीधर कश्यप ने कहा कि रसोइयों का उत्पीड़न किसी भी सूरत में नहीं होने दिया जाएगा। क्रमिक अनशन पर पहले दिन नन्हीदेवी, वीरमती, माया देवी, ओमवती व सुषमा देवी बैठी।
25 स्कूलों में नहीं बना मिड डे मील
रसोइयों ने सोमवार से परिषदीय स्कूलों की रसोई घरों में तालाबंदी करने की चेतावनी दी थी। रसोइया महिला जागृति मंच के मंडलीय संरक्षक मुरलीधर कश्यप ने बताया कि सोमवार को जिले के करीब 25 स्कूलों की रसोई घरों में तालाबंदी रही। इधर बीएसए डॉ. इंद्रजीत प्रजापति ने बताया कि रसोई घरों में तालाबंदी की कोई सूचना नहीं मिली है।