बूथ डे पर 1228 बच्चों ने पी पोलियो खुराक
जिले में रविवार को हुए पालियो दिवस पर नौनिहालों को पोलियो दवा पिलाई गई। डीएम शीतल वर्मा ने रूपपुर कमालू गांव के बूथ पर एक बच्चे को पोलियो खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। बूथों पर शाम चार बजे तक पोलियो दवा पिलाई गई। गांव रूपपुर कमालू में बूथ शुभारंभ के अवसर पर डीएम ने कहा कि पोलियो को जड़ से समाप्त करने में आम जनता की सहभागिता व स्वास्थ्य कर्मियों की मेहनत से सुखद परिणाम देखने को मिले हैं। इसमें और अधिक सफलता तभी मिलेगी जब बच्चों को हर हाल में पोलियो दवा पिलाई जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व स्वास्थ्य कर्मियों से कार्यक्रम को सफल बनाने पर जोर दिया। सीएमओ डॉ. ओपी सिंह ने पोलियो अभियान की सघन मानीटरिंग करने के निर्देश दिए। यदि कहीं कोई लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सीएम चतुर्वेदी, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश भट्ट, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजकपूर, ललौरीखेड़ा के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. टीएन राय, डब्ल्यूएचओ की डॉ. बिंदु, यूनीसेफ के मुकेश चौहान, ग्राम प्रधान अनिल गंगवार आदि मौजूद रहे।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि जिले भर में 1228 बूथों पर दवा पिलाई गई है। इस बार 3,52,779 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। बताया कि तीन से सात जुलाई तक 733 टीमों द्वारा डोर टू डोर जाकर बच्चों को पोलियो दवा पिलाई जाएगी। इसके अलावा 72 ट्रांजिट टीमें व 38 मोबाइल टीमें दवा पिलाने का कार्य करेंगी।