वाहन की टक्कर से भालू के बच्चों की मौत
खटीमा मार्ग पर शनिवार की रात वाहन की टक्कर से भालू के दो बच्चों की मौत हो गई। सुबह जानकारी मिलने पर वन विभाग ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। महोफ वन क्षेत्राधिकारी गिर्राज सिंह को सुबह सूचना मिली कि पूरनपुर माधोटांडा खटीमा मार्ग के किमी 24-25 के बीच भालू के दो बच्चों के शव पड़े हुए हैं। इस पर वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों बच्चों के शव के पास ही कार के बम्पर का टुकड़ा भी पड़ा था इससे आशंका व्यक्त की जा रही है कि किसी चार पहिया वाहन की टक्कर लगने से दोनों की मौत हुई होगी। दोनों शव कब्जे में लेने से पहले रेंजर ने आस पास मादा भालू की भी तलाश की। उन्होंने बताया कि हो सकता है बच्चों के साथ उसकी मां भी मौजूद रही हो और वह भी घायल हुई हो लेकिन वह नहीं मिली। इसके बाद दोनों शव कब्जे में पीलीभीत केे सदर पशु चिकित्सालय भेजकर पोस्टमार्टम कराया। दोनों की उम्र लगभग एक साल आंकी गई है। इसके बाद दोनों को दफन करा दिया गया। वन संरक्षक वीके सिंह ने बताया मुस्तफाबाद चौकी और चूका स्पाट के गेट के निकट लगे सीटीटीवी फुटेज के आधार पर रात को इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों का डाटा निकलवाकर संभावित वाहन स्वामियों को नोटिस भेजा जाएगा।