विभाग की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की भी दी जानकारी
पीलीभीत। इस्लामनगर पकड़िया स्थित मदरसा फैजान ए लाइकिया में मंगलवार को अल्पसंख्यक कल्याण दिवस धूमधाम से मनाया गया। इसमें मदरसे के शिक्षकों ने कार्यक्रम में पहुंचे अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के कर्मचारियों का बुके भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम की सदारत अधिवक्ता फैजान अली खां और संचालन दानिश नोमान ने किया।
मदरसा जमिया गौसे ख्वाजा भिखारीपुर के प्रबंधक हनीफ नूरी ने बच्चों को उनके अधिकारों को बताया। शिक्षित होने के लाभ भी बताए गए। शिक्षा के जरिए किस तरह से बच्चे उज्जवल भविष्य की ओर कदम बढ़ा सकते हैं, बारीकी से जानकारी देते हुए उनकी हौसला अफजाई की गई। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के तहजीब खान ने बच्चों को विभाग की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उनसे आसानी से लाभान्वित होने के तरीके भी बताए गए। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से गरीब महिलाओं को कंबल का भी वितरण भी हुआ। इस दौरान अल्पसंख्यक समुदाय की गरीब लड़कियों की शादी के लिए मिलने वाले शादी अनुदान योजना की भी विस्तृत जानकारी दी गई। इस मौके पर नईम अहमद, तनवीर, अनस, अमर, वसीम अंसारी, अमरीन अंसारी, फ़िरोज आलम, आरिफ बरकाती, इजहार समेत कई लोग मौजूद रहे।