ट्रक की टक्कर से बाइक सवार गांव सिमरिया ताल्लुके अजीतपुर बिल्हा निवासी ख्यालीराम (55) की मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा उनका पुत्र हरीशंकर गंभीर घायल हो गया। घायल हरीशंकर को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हरीशंकर की तहरीर पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसके पिता का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
घटना बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे पूरनपुर-बंडा मार्ग पर नगर से करीब चार किलोमीटर दूर गांव रंपुरा के समीप हुई। गांव सिमरिया ताल्लुके अजीतपुर निवासी 35 वर्षीय हरीशंकर अपने पिता 55 वर्षीय ख्यालीराम को बाइक पर बैठाकर गांव से नगर की ओर आ रहा था। नगर की ओर से जा रहे ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में ख्यालीराम की मौके पर मौत हो गई। जबकि घायल हरीशंकर को सीएचसी से गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद चालक मौके से ट्रक लेकर भाग गया। कोतवाली पुलिस ने हरीशंकर की ओर से घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ख्यालीराम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। ख्यालीराम की मौत की खबर सुनते ही उनके घर में कोहराम मच गया। वह अपने पीछे दो विवाहित पुत्र, एक पुत्री सहित भरा पूरा परिवार छोड़ गए।
ट्रक की टक्कर से वृद्धा के घायल होने पर रिपोर्ट
पूरनपुर। असम हाईवे पर ट्रक की टक्कर से 26 अगस्त को जहानाबाद थाना के गांव खरूआ निवासी बुद्धसेन की पत्नी नन्हीं देवी के घायल होने के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर नन्हीं देवी के धेवते गांव सुहास निवासी गोपी किशन की ओर से ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। गोपी किशन घटना के दिन अपनी नानी को बाइक से गांव सुहास से चतरपुर ले जा रहा था। हादसा असम हाईवे किनारे के गांव कढ़ेरचौरा के समीप हुआ था।