मार्ग पर बाघ देख बाइक सवार के पसीने छूटे, मार्ग बदल पहुंचा घर
गजरौला क्षेत्र के वैवाह फार्म के पास मार्ग पर बाघ ने दी दस्तक लोगों में दहशत
बाघों के चहलकदमी से फसलें हो रहीं बर्बाद वन विभाग निभा रहा सिर्फ औपचारिकताएं
अमर उजाला ब्यूरो
गजरौला/पीलीभीत। माला रेंज से बाहर गजरौला क्षेत्र में आबादी की सीमा में बाघ की चहलकदमी नहीं रुक रही है। रविवार रात बाइक सवार युवक के उस समय पसीने छूट गए जब आबादी क्षेत्र से गुजरते समय मार्ग पर बाघ ने दस्तक दे डाली। डर से सहमा युवक मार्ग से लौट दूसरे रास्ते से घर पहुंचा।
टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों की संख्या मे इजाफा होने के चलते लंबे समय से जिले के अधिकतर इलाके में बाघ और तेंदुए की चहलकदमी बनी हुई है। माला रेंज के जंगल से बाहर गजरौला क्षेत्र के अंतर्गत अजीतपुर पटपरा, महुआ, वैवाह फार्म, नगफ समेत चार अन्य गांव की सीमा क्षेत्र में पिछले दो सप्ताह से बाघ की चहलकदमी देखी जा रही है। इधर, रविवार रात करीब आठ बजे वैवाह फार्म निवासी बाइक सवार लवप्रीत सिंह गजरौला बाजार रोड से फार्म पर वापस आ रहा था। आबादी क्षेत्र में मार्ग पर आगे मलकीत सिंह के घर के करीब आते ही बाइक की रोशनी के सामने अचानक मार्ग पर बाघ ने दस्तक दे डाली। मार्ग पर बाघ देख बाइक सवार के पसीने छूट गए। डर से सहमा युवक किसी तरह मार्ग से वापस हुआ और दूसरे मार्ग से फार्म की जा सका। इसके अलावा आबादी क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर बाघ की चहलकदमी देखी जा रही है। ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप हैं कि सक्रियता बढ़ाने की जगह वनकर्मी मात्र औपचारिकताएं निभा रहे है। बाघ की चहलकदमी के चलते फसल भी काफी प्रभावित हो रही है।