खेकड़ा (बागपत)। करीब एक दशक पूर्व करोड़ों की लागत से बने स्पोर्ट्स स्टेडियम की बदहाली पर रोष जताते हुए युवाओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही यहां सुविधाएं नहीं दिलाई गईं तो आंदोलन किया जाएगा।
रविवार को युवा खिलाड़ी इकट्ठा होकर स्टेडियम में पहुंचे और प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में न तो खेल संबंधी पर्याप्त सुविधाएं हैं और न ही सुरक्षा की सही स्थिति। स्टेडियम की देखरेख के लिये चौकीदार नियुक्त हैं। लेकिन कई बार चोर स्टेडियम से खिड़की, दरवाजे, एवं अन्य कीमती सामान चोरी कर चुके हैं। दूसरी ओर खिलाड़ी जरूरी खेल सुविधाओं को तरस रहे हैं। मगर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में जरूरी सुविधाएं दी जाएं। यदि जल्द ही सुविधाएं उपलब्ध न कराई गईं तो आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन करने वालों में अंकित, सुनील, प्रवेश, दिनेश, सूरज, मयंक, प्रदीप, रजनीश, सुमित, सतेंद्र, विजय, रविंद्र, सोनू आदि शामिल रहे। उधर, जिला खेल अधिकारी नवीन त्यागी का कहना है कि शासन को प्रस्ताव भेेजे गये है। जिलाधिकारी बागपत को पत्र लिखकर सुरक्षा के लिए होमगार्ड की मांग की गई है। बजट आने पर स्टेडियम में कार्य कराए जाएंगे। खिलाड़ियों की अन्य समस्याएं भी दूर करने का प्रयास किया जाएगा।